अम्बिकापुर. सरगुजा संभाग में मौसम का मिजाज इन दिनों लगातार बदल रहा है और इसका सबसे बड़ा असर मैनपाट में देखने को मिला, जहां मंगलवार रात करीब 20 मिनट तक हुई तेज ओलावृष्टि ने पूरे इलाके को बर्फ जैसी सफेद चादर से ढक दिया. शाम से ही घने बादल, तेज हवाएं और हल्की बारिश का दौर जारी था, लेकिन रात करीब पौने 11 बजे अचानक मौसम ने विकराल रूप ले लिया और तेज बारिश के साथ ओले गिरने लगे. देखते ही देखते सड़कें, खेत और खुले मैदान ओलों से पट गए, जिससे पूरा मैनपाट सर्दियों जैसा नजर आने लगा.
इसे भी पढ़ें –
छत्तीसगढ़ में मौसम ने बदला मिजाज, रायपुर समेत कई जिलों में बादल, बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट
हालांकि घटना देर रात की होने के कारण लोग घरों में ही रहे और किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली, लेकिन किसानों के लिए यह ओलावृष्टि भारी पड़ गई. आम, महुआ और सब्जी फसलों को जबरदस्त नुकसान पहुंचा है. इस समय आम के पेड़ों में बौर और छोटे फल लगे हैं, वहीं महुआ गिरने का सीजन शुरू हो चुका है. ऐसे में ओलों की मार से उत्पादन पर सीधा असर पड़ने की आशंका है. टमाटर सहित अन्य सब्जी फसलों को भी नुकसान हुआ है, जिससे किसानों को आर्थिक झटका लग सकता है.
इसे भी पढ़ें –
Chhattisgarh: रींवा-रायपुर हवाई सेवा से बढ़ेगी रफ्तार, डिप्टी सीएम बोले- दिलों की दूरी भी होगी कम
मैनपाट के अलावा सीतापुर और आसपास के इलाकों में भी हल्की ओलावृष्टि और बारिश दर्ज की गई है. इससे पहले सूरजपुर, उदयपुर (सरगुजा) और बलरामपुर के कई हिस्सों में भी बारिश हो चुकी है, जिससे पूरे संभाग में मौसम का अस्थिर दौर बना हुआ है. लगातार बदलते मौसम ने लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित की है और किसानों की चिंता बढ़ा दी है.
मौसम विभाग ने सरगुजा संभाग के लिए अगले तीन दिनों तक बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की संभावना जताई है. विभाग के अनुसार इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर तेज गर्जना के साथ ओले गिर सकते हैं. ऐसे में किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ा है. अम्बिकापुर में जहां कुछ दिन पहले अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं अब यह घटकर 33 से 34 डिग्री के आसपास आ गया है. वहीं न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. एक ओर इस बदले मौसम ने गर्मी से राहत दी है, तो दूसरी ओर ओलावृष्टि ने किसानों के सामने नई मुश्किलें खड़ी कर दी हैं.
