दुर्ग. जिले के भिलाई स्थित छावनी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात दो समुदायों के बीच अचानक हिंसक झड़प भड़क उठी, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया. हालात को देखते हुए क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और बड़ी संख्या में जवान तैनात किए गए हैं.
पुलिस के मुताबिक विवाद की शुरुआत बेहद मामूली थी. शारदापारा इलाके में दो बच्चों के बीच हुई कहासुनी ने देखते ही देखते तूल पकड़ लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी शुरू हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) छावनी समेत कई पुलिसकर्मी पत्थरबाजी की चपेट में आकर घायल हो गए. घायलों को तत्काल इलाज के लिए भेजा गया.
इसे भी पढ़ें –
Chhattisgarh: तेज आंधी-बारिश का असर, बायपास पर गिरे बिजली पोल, आवागमन प्रभावित
Chhattisgarh: शिकायत से सदन तक गूंजा मामला… अब गिरी गाज, श्रम निरीक्षक सस्पेंड
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए दो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एक दर्जन से अधिक थाना प्रभारियों और 300 से ज्यादा पुलिस जवानों को मौके पर तैनात किया. देर रात तक वरिष्ठ अधिकारी मौके पर डटे रहे और हालात पर नजर बनाए रखी.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिशंकर ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रखा गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि कुछ दिन पहले एक युवक और युवती से जुड़े मामले को लेकर दोनों पक्षों में पहले से तनाव था, जिसकी रंजिश भी इस घटना की वजह बन सकती है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें –
8.75% पर मिल रहा पर्सनल लोन, जानिए कौन उठा सकता है इसका फायदा
Aaj Ka Rashifal: मासिक शिवरात्रि का शुभ संयोग, 17 मार्च 2026 का राशिफल लेकर आया भाग्य बदलने के संकेत
घटना के बाद देर रात दोनों पक्षों के लोगों ने थाने का घेराव कर नारेबाजी भी की, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई. इस बीच करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
फिलहाल इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही है, लेकिन तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. प्रशासन लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील कर रहा है.
