अम्बिकापुर. सरगुजा पुलिस ने नगदी लूटपाट के एक मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने खुद को आरटीओ अधिकारी बताकर एक युवक से 20 हजार रुपये की लूट की थी. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल और 1000 रुपये नगद भी जब्त किए हैं. आरोपी के खिलाफ पहले से भी लूट का मामला दर्ज है और वह आदतन अपराधी बताया जा रहा है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी संदीप लकड़ा निवासी ग्राम मरकाडाड थाना राजपुर जिला बलरामपुर ने 14 मार्च 2026 को थाना गांधीनगर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि 11 मार्च 2026 की शाम करीब 6 बजे वह अपने ससुर के साथ मोटरसाइकिल से अस्पताल से गांधी चौक की ओर आ रहे थे. इसी दौरान राज पोल्ट्री फार्म के पास काले रंग की बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक ने उनका रास्ता रोक लिया.
आरोपी ने उन्हें रुकने को लेकर धमकाया और गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की की. इसके बाद खुद को आरटीओ अधिकारी शहजोर अली बताते हुए प्रार्थी के पर्स में रखे 10 हजार रुपये और शर्ट की जेब में रखे 10 हजार रुपये, कुल 20 हजार रुपये जबरन छीन लिए. आरोपी ने पैसे लेने के बाद पर्स वापस फेंक दिया और धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया.
घटना के बाद प्रार्थी ने अपने परिचितों को जानकारी दी और आरटीओ कार्यालय जाकर पूछताछ की, जहां पता चला कि इस नाम का कोई अधिकारी नहीं है. बाद में जानकारी मिली कि आरोपी का नाम शहजोर अली है, जो सतीपारा इरानी मोहल्ला का रहने वाला है. मामले में प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 143/2026 के तहत बीएनएस की धारा 126(2), 309(4) और 204 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई.
मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर थाना गांधीनगर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की. पुलिस ने आरोपी को पकड़कर हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम शहजोर अली पिता अयुब अली, उम्र 24 वर्ष, निवासी सतीपारा थाना कोतवाली अंबिकापुर बताया और घटना को अंजाम देना स्वीकार किया.
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल और 1000 रुपये नगद जब्त कर लिया है. पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया.
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी लूट का मामला दर्ज है. उसने संजय पार्क के सामने एक अन्य व्यक्ति से 1130 रुपये की लूट की थी, जिस पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 118/2026 के तहत बीएनएस की धारा 309(3) में मामला दर्ज है. इस मामले में भी कोतवाली पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, सहायक उप निरीक्षक ललन गुप्ता, आरक्षक राहुल सिंह, रमन मंडल, मोतीलाल केरकेट्टा और घनश्याम देवांगन की सक्रिय भूमिका रही.
