अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र में लकड़ी माफियाओं की दुस्साहसिक हरकत के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग के कब्जे से बलपूर्वक भगा ले जाए गए लकड़ी लोड ट्रक को चालक समेत बरामद कर लिया है. पुलिस ने ट्रक को जशपुर जिले में लकड़ी डंप करने के बाद झारखंड की ओर भागते समय बलरामपुर से पकड़ा. हालांकि इस मामले का मुख्य आरोपी और उसके साथी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं. वन विभाग और पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई से लकड़ी माफियाओं में हड़कंप मच गया है.
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले मुखबिर की सूचना पर वन विभाग की टीम ने ग्राम मंगारी पुलिया के पास नीलगिरी लकड़ी से भरा ट्रक (UP 51 AT 4464) पकड़ा था. मौके पर मौजूद वन विभाग के अधिकारियों ने चालक से लकड़ी से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद ट्रक को लकड़ी समेत जब्त कर वन विभाग सीतापुर लाया जा रहा था. इसी दौरान चालक ने वाहन में खराबी का बहाना बनाकर ट्रक को पुलिया के ऊपर खड़ा कर दिया. देर रात होने के कारण वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी ट्रक को वहीं छोड़कर वापस सीतापुर लौट गए.
इसे भी पढ़ें –
Chhattisgarh: औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्री में आधी रात भड़की भीषण आग, ट्रैक्टर और मशीनें जलकर खाक
Cyber Crime: म्यूल अकाउंट गिरोह का भंडाफोड़, 15 करोड़ के अवैध लेन-देन का खुलासा
बताया जाता है कि रात करीब दो बजे लकड़ी माफिया अताउल रहमान उर्फ अनस, निवासी विशुनपुर, अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और जब्त किए गए ट्रक को बलपूर्वक लेकर फरार हो गया. दरअसल, जब्त किया गया ट्रक उसी का बताया जा रहा है, जिसे अवैध रूप से लकड़ी लोड कर उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा था. सुबह करीब साढ़े चार बजे जब वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो वहां से ट्रक गायब मिला. इसके बाद वन विभाग के अधिकारी राजेश बराडे ने ट्रक चालक, अनस और उसके साथियों के खिलाफ थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई.
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने धारा 221, 218, 222, 223, 255(ए) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर ट्रक की तलाश शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि ट्रक को जशपुर जिले के ग्राम बिमडा में लकड़ी उतारने के बाद झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस ने बलरामपुर में घेराबंदी कर ट्रक को चालक सहित पकड़ लिया और उसे सीतापुर लाया गया। इसके साथ ही ग्राम बिमडा से नीलगिरी की डंप की गई लकड़ी को भी जब्त कर लिया गया है.
फिलहाल ट्रक और चालक पुलिस की गिरफ्त में हैं, जबकि मुख्य आरोपी अनस और उसके अन्य साथी फरार हैं. उनकी तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है. इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अखिलेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
“थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि मामले के फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.”
