रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक टिंबर और सरिया से जुड़ी फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते फैक्ट्री परिसर लपटों की चपेट में आ गया और वहां खड़ा एक ट्रैक्टर समेत कई मशीनें जलकर खाक हो गईं. दमकलकर्मियों ने साहसिक प्रयास करते हुए फैक्ट्री के भीतर फंसे दो कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आधी रात के बाद अचानक फैक्ट्री से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं, जो कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले बैठीं. फैक्ट्री में रखी लकड़ी, सरिया और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैलती चली गई. आग की भयावहता इतनी थी कि दूर-दूर तक लपटें दिखाई देने लगीं और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को इसकी सूचना दी.
इसे भी पढ़ें –
Cyber Crime: म्यूल अकाउंट गिरोह का भंडाफोड़, 15 करोड़ के अवैध लेन-देन का खुलासा
सूचना मिलते ही नगर निगम और निजी संस्थानों की छह से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. करीब ढाई से तीन घंटे तक लगातार पानी की बौछार करने के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका.
घटना में फैक्ट्री परिसर को भारी नुकसान पहुंचा है और बड़ी मात्रा में सामग्री जलकर नष्ट हो गई है. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है. आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खामी के चलते आग लगी हो सकती है. घटना के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
