अम्बिकापुर. छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मैनपाट वनपरिक्षेत्र अंतर्गत सपनादर गांव में रविवार की देर रात जंगली हाथियों के दो दलों ने जमकर उत्पात मचाया. हाथियों के गांव में घुसते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए रात भर घरों से बाहर निकलकर इधर-उधर भागते रहे.

जानकारी के अनुसार, सपनादर निवासी शिव शंकर पिता लूधा अपनी पत्नी के साथ घर में सो रहे थे. देर रात अचानक हाथियों का झुंड गांव में पहुंच गया. हाथियों की आहट और तेज आवाज सुनकर दंपति की नींद खुली. स्थिति को भांपते हुए दोनों तुरंत घर से बाहर निकलकर भागे, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई.

ग्रामीणों के अनुसार हाथियों ने गांव में घुसकर घरों के आसपास जमकर उत्पात मचाया. इस दौरान शिव शंकर के घर में रखा अनाज भी हाथियों ने खा लिया. हाथियों की मौजूदगी से पूरे गांव में दहशत का माहौल बना रहा और ग्रामीणों ने रात भर जागकर किसी तरह अपनी जान बचाई.

लगातार हाथियों की आवाजाही से क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि हाथियों के दल को जल्द जंगल की ओर खदेड़ा जाए और गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाए, ताकि किसी बड़ी घटना को रोका जा सके.
