अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के घाटबर्रा गांव से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि कोल माइंस विस्तार परियोजना के तहत गांव के श्मशान घाट क्षेत्र में रात के समय जेसीबी मशीन से खुदाई की जा रही थी। ग्रामीणों के अनुसार, यह कार्य देर रात चल रहा था, तभी अचानक एक अप्रत्याशित घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।
ग्रामीणों का दावा है कि खुदाई के दौरान जेसीबी चालक को किसी के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही चालक घबरा गया और मशीन को वहीं छोड़कर मौके से भाग निकला। घटना के बाद से चालक की तबीयत खराब बताई जा रही है। यह पूरा मामला दो दिन पहले का बताया जा रहा है, लेकिन अब इसकी चर्चा पूरे गांव में तेजी से फैल गई है।
ग्रामीणों में इस घटना को लेकर तरह-तरह की बातें हो रही हैं। कुछ लोग इसे सामान्य घटना मान रहे हैं तो कई लोग इसे अलौकिक घटना से जोड़कर देख रहे हैं। घटना के बाद से रात में खनन कार्य बंद होने की जानकारी भी सामने आ रही है।
हालांकि, खदान प्रबंधन या प्रशासन की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, श्मशान घाट जैसे संवेदनशील स्थल पर खुदाई को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी जा रही है। मामले ने अब तूल पकड़ लिया है और लोग प्रशासन से स्पष्ट जानकारी व जांच की मांग कर रहे हैं।
