जगदलपुर। जिले के बोधघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत नकटी सेमरा के पास बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे में पैदल चल रहे युवक की दर्दनाक मौत हो गई। नगरनार की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार टिप्पर वाहन ने युवक को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि युवक का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बोधघाट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेकॉज भेज दिया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बोधघाट थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि मृतक युवक की पहचान भावेश चंद्र (18 वर्ष) के रूप में हुई है। वह रोजाना की तरह काम खत्म कर बुधवार रात घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया। टक्कर के बाद टिप्पर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार टिप्पर चालक की तलाश के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
