जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सख्त संदेश दिया है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को विशेष जांच अभियान चलाकर अवैध उत्खनन में लगी 2 चैन माउंटेन मशीन और 3 ट्रैक्टर जब्त किए हैं।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार यह अभियान तहसील बम्हनीडीह अंतर्गत ग्राम खपरीडीह तथा तहसील पामगढ़ अंतर्गत ग्राम देवरघटा क्षेत्र में चलाया गया। जांच के दौरान ग्राम खपरीडीह में अवैध रेत उत्खनन करते हुए एक चैन माउंटेन मशीन पकड़ी गई। वहीं ग्राम देवरघटा क्षेत्र में एक अन्य चैन माउंटेन मशीन और तीन ट्रैक्टर अवैध रूप से रेत उत्खनन में संलग्न पाए गए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल लगातार सक्रिय है और नियमित जांच कर कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा नियमों के तहत जब्त वाहनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध खनन के खिलाफ आगे भी इसी तरह सघन अभियान चलाकर दोषियों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
