नई दिल्ली. देश की सेमी-हाईस्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस को भारतीय रेलवे की आधुनिक पहचान माना जाता है. तेज रफ्तार, शानदार सुविधाएं और आरामदायक यात्रा के कारण ये ट्रेनें यात्रियों की पहली पसंद बन चुकी हैं. लेकिन अब राजस्थान के यात्रियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. उत्तर पश्चिम रेलवे ने दो वंदे भारत ट्रेनों का संचालन बंद करने का फैसला किया है, जिससे यात्रियों के बीच चिंता और हलचल बढ़ गई है.
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, ट्रेन नंबर 20981/82 (उदयपुर सिटी-आगरा कैंट-उदयपुर सिटी) वंदे भारत एक्सप्रेस को 15 फरवरी 2026 से बंद किया जा रहा है. वहीं ट्रेन नंबर 20979/80 (उदयपुर सिटी-जयपुर-उदयपुर सिटी) वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन 14 फरवरी 2026 से बंद रहेगा. इन दोनों ट्रेनों के बंद होने से उन यात्रियों को बड़ा झटका लगा है, जो तेजी और सुविधा के लिए वंदे भारत को प्राथमिकता देते थे.
हालांकि रेलवे ने अभी तक इन ट्रेनों को बंद करने के पीछे कोई स्पष्ट आधिकारिक कारण सार्वजनिक नहीं किया है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इन रूट्स पर यात्री संख्या अपेक्षा से कम रही है. इसके अलावा यह भी चर्चा है कि रेलवे इन रूट्स में बदलाव या पुनर्गठन करने की योजना बना सकता है. कुछ जानकारों का मानना है कि परिचालन लागत अधिक और यात्री भार कम होने के चलते रेलवे को यह कड़ा निर्णय लेना पड़ा है.
इसी बीच राहत की खबर यह है कि रेलवे ने एक नई वंदे भारत ट्रेन को मंजूरी भी दे दी है. यह ट्रेन उदयपुर सिटी से असारवा (अहमदाबाद) के बीच चलाई जाएगी, जिससे राजस्थान और गुजरात के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. ट्रेन नंबर 26963 उदयपुर से सुबह 6:10 बजे रवाना होकर 10:25 बजे असारवा पहुंचेगी. वहीं वापसी में ट्रेन नंबर 26964 असारवा से शाम 5:45 बजे चलकर रात 10:00 बजे उदयपुर पहुंचेगी. यह ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन संचालित होगी.
रेलवे के आंकड़ों के अनुसार, फरवरी 2019 में शुरू हुई वंदे भारत सेवा अब देशभर में तेजी से विस्तार कर चुकी है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मुताबिक वर्तमान में 82 रूट्स पर 164 वंदे भारत ट्रेनें संचालित हो रही हैं. इन ट्रेनों में यात्रियों को बेहतर सस्पेंशन, सेमी-हाईस्पीड संचालन, ऑटोमैटिक प्लग डोर, एर्गोनॉमिक सीटें, मिनी पैंट्री, सीसीटीवी, और सुरक्षा के लिए कवच सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं.
अब सवाल यह है कि रेलवे का यह फैसला राजस्थान के यात्रियों के लिए अस्थायी व्यवस्था है या फिर आने वाले दिनों में इन रूट्स पर कोई नई रणनीति लागू की जाएगी. फिलहाल, दो वंदे भारत ट्रेनों के बंद होने की खबर ने यात्रियों को असमंजस में डाल दिया है.
