सूरजपुर. जिले के बिश्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुमदा बस्ती में एक युवक द्वारा शराब के नशे में ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज, धमकी देने और जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. इस संबंध में गांव के दो अलग-अलग लोगों ने थाना बिश्रामपुर में लिखित आवेदन देकर आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
इसे भी पढ़ें –
NH-43 पर भीषण हादसा, तेज रफ्तार बाइक-कार की टक्कर, बाइक दो टुकड़ों में बंटी, लगी आग; तीन युवक गंभीर
पहली शिकायत रामदेव सिंह पिता स्व. रामदीन निवासी कुमदा बस्ती द्वारा की गई है. उन्होंने बताया कि वे गांव के चौक में ठेला लगाकर रोजी-रोटी चलाते हैं. 10 फरवरी 2026 की शाम ठेला लेकर घर लौटने के बाद जब वे दुकान से सामान लेने जा रहे थे, तभी गांव के ही लवकेश सोनी पिता शंकर सोनी ने बिना किसी कारण गाली-गलौज शुरू कर दी. पीड़ित का आरोप है कि आरोपी शराब के नशे में था और जबरदस्ती रास्ता रोककर लोहे के रॉड से जानलेवा हमला करने की कोशिश की. रामदेव सिंह के झुक जाने से वे बच गए, लेकिन उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उनके पत्नी-बच्चों को भी गंदी गालियां दे रहा था और जान से मारने, घर जलाने जैसी धमकियां दे रहा है.
इसे भी पढ़ें –
Chhattisgarh: खाना नहीं बनाने के विवाद में पति ने पत्नी की गला घोंटकर कर दी हत्या, आरोपी गिरफ्तार
वहीं दूसरी शिकायत कृष्णा सिंह पिता भागीरथी सिंह, निवासी कुमदा बस्ती ने की है. उन्होंने बताया कि वे गांव में सीएससी सेंटर का संचालन करते हैं. कृष्णा सिंह ने आरोप लगाया कि आरोपी लवकेश सोनी उनके घर के सामने आकर उन्हें और उनके परिवार को लगातार गाली-गलौज कर रहा है. उन्होंने कहा कि आरोपी पहले भी इस तरह की हरकत कर चुका है और पूर्व में उनके दुकान का बैनर भी फाड़ चुका है. इसके साथ ही आरोपी द्वारा जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात भी शिकायत में लिखी गई है.

दोनों पीड़ितों ने थाना प्रभारी से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर उन्हें न्याय दिलाया जाए. फिलहाल पुलिस द्वारा मामले को संज्ञान में लेकर जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की संभावना जताई जा रही है.
