कवर्धा। नए साल के पहले ही दिन कबीरधाम जिले को विकास और पर्यटन के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। 01 जनवरी 2026 को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की विशेष उपस्थिति में बहुप्रतीक्षित भोरमदेव पर्यटन कॉरिडोर का भव्य भूमिपूजन किया जाएगा। यह क्षण जिले के पर्यटन इतिहास में मील का पत्थर साबित होने वाला है।

इस महत्त्वाकांक्षी परियोजना को लेकर तैयारियों का जायजा लेने के लिए आज डिप्टी मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भोरमदेव मंदिर परिसर में जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के बाद उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और तैयारियों का बारीकी से अवलोकन किया।

डिप्टी सीएम विजय शर्मा के विशेष प्रयासों से छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक, पुरातात्विक और जनआस्था के प्रमुख केंद्र बाबा भोरमदेव मंदिर परिसर से लेकर मड़वा महल, छेरकी महल, रामचुवा और सरोदा जलाशय तक भोरमदेव पर्यटन कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। यह परियोजना केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के अंतर्गत स्वीकृत है, जिसके तहत लगभग 146 करोड़ रुपये की लागत से भोरमदेव क्षेत्र का समग्र और भव्य पर्यटन विकास किया जाएगा।

पर्यटन कॉरिडोर के निर्माण से न केवल भोरमदेव की धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाई मिलेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। इसके साथ ही क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ कबीरधाम जिला पर्यटन के मानचित्र पर एक प्रमुख गंतव्य के रूप में उभरेगा।
