“नजूल भूमि पर रह रहे परिवारों को मिलेगा हक, भाजपा सरकार देगी पट्टा” अम्बिकापुर में धुआंधार रोड शो के बीच सीएम विष्णुदेव साय ने क्या-क्या कहा? जानिए

CM in Ambikapur: अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर नगर निगम चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महापौर प्रत्याशी मंजूषा भगत और 48 वार्डों के भाजपा पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में भव्य रोड शो किया। शहरभर में उमड़ी जनता ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और पुष्प वर्षा कर आशीर्वाद दिया। पूरे रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री हाथ जोड़कर जनता का अभिनंदन करते रहे।

कांग्रेस को बताया “झूठा लबरा”, जनता से भाजपा को जिताने की अपील

रोड शो के बाद घड़ी चौक में विशाल आमसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के लोग झूठा लबरा (धोखेबाज) हैं। 2018 में झूठे वादे करके सत्ता में आए और पूरे पांच साल भ्रष्टाचार में लिप्त रहे। इसलिए जनता ने 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का पूरी तरह सफाया कर दिया।”

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस सरकार में हुए घोटालों का उल्लेख करते हुए कहा कि शराब, कोयला, डीएफ, रेत, पीएससी और महादेव सट्टा घोटाले के जरिए राज्य को लूटा गया। उन्होंने कहा, “घोटालेबाजों को जेल भेजने का सिलसिला शुरू हो गया है। पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा 2000 करोड़ के शराब घोटाले में सलाखों के पीछे हैं। जिसने भी भ्रष्टाचार किया है, उसे बख्शा नहीं जाएगा।”

मोदी की गारंटी पूरी, 13 महीने में दिखा भाजपा सरकार का असर

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने 13 महीने में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करके दिखाया। उन्होंने कहा,

18 लाख पीएम आवास के लिए कैबिनेट में स्वीकृति दी गई।

धान खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल में की जा रही है।

किसानों को 3716 करोड़ रुपये का बकाया बोनस दिया गया।

139 लाख मैट्रिक टन धान खरीदा गया, जिससे किसानों को 12,000 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ।

महिलाओं के लिए महतारी योजना के तहत 12वीं किस्त जारी हो चुकी है।

20 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं को अयोध्या में रामलला के दर्शन कराए गए।

तेंदूपत्ता का दाम 4000 रुपये से बढ़ाकर 5500 रुपये किया गया।


7 हजार करोड़ से ज्यादा की स्वीकृति, अंबिकापुर को मिला 40 करोड़

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने नगरीय निकायों के लिए 7000 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों को स्वीकृति दी है, जिसमें अंबिकापुर नगर निगम के लिए 40 करोड़ रुपये शामिल हैं। उन्होंने जनता से भाजपा के सभी पार्षद प्रत्याशियों को जिताने की अपील करते हुए कहा, “ट्रिपल इंजन सरकार होगी तो शहर का विकास और तेजी से होगा।”

नजूल भूमि पर रहने वालों को मिलेगा पट्टा, महिलाओं को संपत्ति कर में छूट

मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि नजूल भूमि पर वर्षों से बसे लोगों को सरकार पट्टा देगी, ताकि वे अपने घर को कानूनी अधिकार के साथ रख सकें। उन्होंने कहा, “हम नया कानून बनाएंगे, जिससे लोग जमीन का मालिकाना हक प्राप्त कर सकें और बैंक से आसानी से लोन ले सकें।”

इसके साथ ही भाजपा के घोषणा पत्र में किए गए वादों को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि

महिलाओं के नाम पर जमीन का पट्टा होने पर संपत्ति कर में 25% छूट मिलेगी।

समय पर टैक्स भरने वालों को 10% की छूट दी जाएगी।

लंबे समय से बकाया संपत्ति कर वालों को बिना ब्याज एकमुश्त भुगतान का मौका मिलेगा।

महिला स्व सहायता समूहों को 2.5 लाख रुपये तक का लोन दिया जाएगा।

हाट बाजारों में महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट बनाए जाएंगे।

महाविद्यालयों में छात्राओं के लिए मुफ्त सैनिटरी नैपकिन और वाई-फाई की सुविधा दी जाएगी।

भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का उमड़ा जनसैलाब

इस मौके पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, पूर्व संगठन महामंत्री राम प्रताप सिंह, सरगुजा संभाग प्रभारी राजा पांडे, लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव, राज्य युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, पूर्व सांसद कमलभान सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, भाजपा महापौर प्रत्याशी मंजूषा भगत, समेत हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और आम नागरिक उपस्थित रहे।

भाजपा की अपील – 11 फरवरी को “कमल” के निशान पर करें मतदान

मुख्यमंत्री ने जनता से अपील करते हुए कहा कि “झूठे वादों की राजनीति करने वाली कांग्रेस को सबक सिखाने का समय आ गया है। 11 फरवरी को भाजपा के महापौर और पार्षद प्रत्याशियों को विजयी बनाएं, ताकि अंबिकापुर का विकास तेजी से हो सके।”