स्कूल जाते हुए फोन करता था, फोन पर कहता- शादी कर लो! परेशान होकर 11वीं की छात्रा ने लगा ली फांसी

हरियाणा : सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली एक 11वीं की छात्रा इस कदर छेड़छाड़ का शिकार हुई कि उसने जान दे दी। आरोप है कि काफी समय से एक युवक उसका पीछा कर रहा था। वह उसे बार-बार मेसेज व कॉल कर भी परेशान कर रहा था। यहीं नहीं वह लगातार उससे शादी करने का दबाव भी बना रहा था। ऐसा न करने पर उसे बदनाम करने व जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। परिवार का कहना है कि परेशान होकर लड़की ने आत्महत्या कर ली। अब मृतका की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है।

पुलिस के अनुसार, शिकायत देने वाली महिला पटौदी एरिया की रहने वाली है। उनके पति एक निजी कंपनी में काम करते हैं। इनकी 2 बेटियां सरकारी स्कूल में पढ़ने जाती थीं। आरोप है कि 17 साल की बड़ी बेटी के साथ पटौदी सब्जी मंडी का रहने वाला रोहित नाम का लड़का छेड़छाड़ करता था। छोटी बहन ने मां को बताई थी सारी बात छोटी बेटी ने महिला को बताया कि रोहित बहन को परेशान करता है। अपने मोबाइल से वह बहन को बार-बार कॉल व मेसेज करता है ।

महिला ने अपने भतीजे को इस बारे में बताया तो 7 जून को भतीजे ने रोहित को कॉल किया। कॉल उसकी मां ने रिसीव किया तो उन्हें शिकायत दी गई। आरोपित की मां ने कहा था अब नहीं करेगा परेशान तब आरोपित की मां ने कहा कि वह आगे से परेशान नहीं करेगा। महिला के पति भी इस बारे में जानकारी मिलते ही आरोपित के घर गए और उसे समझाया। आरोपित ने भी कहा कि वह आगे से ऐसा नहीं करेगा, लेकिन वह नहीं माना और अब फिर से लड़की को परेशान करने लगा।

आरोप है कि शनिवार 7 अगस्त को भी आरोपित ने कई बार युवती को कॉल व मेसेज कर अपने साथ भागकर शादी करने को कहा। युवती ने मना किया तो वह बदनाम करने व जान से मारने की धमकी देने लगा। युवती ने अपनी मां को इस बारे में बताया। महिला ने भी आरोपित को कॉल कर कहा कि अगर वह नहीं माना तो उसकी शिकायत पुलिस में कर दी जाएगी। लेकिन फिर भी आरोपित बार-बार कॉल कर लड़की को परेशान करता रहा। इसके चलते शनिवार रात करीब 8 बजे लड़की ने फांसी के फंदे से लटक जान से दी। रात करीब 9 बजे सूचना पुलिस को दी गई तो पटौदी थाना से पुलिस टीम मौके पर पहुंची।