हथकड़ी की रस्सी काटकर भाग रहा बंदी पुलिस से बचने के लिए नदी में कूदा, डूबने से हो गई मौत, अब मचा बवाल

पटना : पुनपुन थाने से सोमवार की सुबह हथकड़ी की रस्सी काटकर फरार हुए युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया।

डुमरी गांव के कृष्णा चौधरी की पत्नी देवंती देवी रविवार को पुत्र गोलू (22) के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी थी। इसके बाद पुलिस रविवार की रात छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर थाने ले आई। सोमवार की सुबह गोलू द्वारा शौच जाने की बात कहने पर थाने के चौकीदार कमलेश कुमार उसके हाथ में हथकड़ी डाल थाना परिसर स्थित शौचालय में ले गया। गोलू दरवाजा बंद कर अंदर शौच करता रहा और चौकीदार हथकड़ी की रस्सी पकड़ बाहर खड़ा रहा। इसी दौरान उसने हथकड़ी की रस्सी काट ली और दरवाजा खोलकर भाग गया। 

चौकीदार व सिपाही उसे पकड़ने के पीछे दौड़े। पुलिस से बचने के लिए उसने पुनपुन पुल से नदी में छलांग लगा दी। तैरते हुए वह नदी के दूसरे किनारे की ओर जाने का प्रयास किया, लेकिन थक कर नदी के बीच पानी में बैठ गया। पुलिस के कहने पर दो-तीन स्थानीय युवकों ने उसे खोजने के लिए नदी में छलांग लगायी और आधे घंटे की मशक्कत के बाद नदी से बाहर निकाला। पुलिस उसे पुनपुन पीएचसी ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हंगामे की आशंका के कारण पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया। 

परिजनों व ग्रामीणों को जैसे ही उसकी मौत की खबर मिली। सभी थाना पहुंचे। पुलिस पर उसकी हत्या का आरोप लगा हंगामा करना शुरू कर दिया। गोलू की बहन रूंकु देवी का आरोप था कि रविवार की रात जब वह गोलू के लिए खाना लेकर आई थी तो पुलिस ने उसे मिलने नहीं दिया। हंगामा होने की सूचना पर पहुंचे एसडीओ अनिल सिन्हा ने लोगों को समझाकर शांत कराया। एसडीओ ने बताया कि एसडीपीओ के साथ संयुक्त रूप से डीएम पटना को लिखित देकर आग्रह किया गया है कि शव का पोस्टमार्टम एक मेडिकल बोर्ड का गठन कर कराया जाये। बताया कि चूंकि युवक की मौत हिरासत में लेने के बाद हुई है। इस वजह से एहतियातन कदम उठाये जा रहे हैं। 

मृतक गोलू कुमार पेशे से टेम्पो चालक था। उसे नशे की लत थी। थानाध्यक्ष कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि वह नशे की लत के कारण अक्सर अपने घरों का सामान व जेवरात बेच देता और मां के साथ मारपीट करता था। मां देवंती देवी पुलिस से अनुरोध करती थी कि उसे गिरफ्तार कर कुछ माह के लिए जेल भेज दे ताकि वह सुधर सके। थानाध्यक्ष ने बताया कि गोलू रविवार को भी घर का कुछ बर्तन बेच दिया था और उसकी मां देवंती देवी ने थाने में उसके खिलाफ केस दर्ज कराया था। इसके बाद ही गोलू को गिरफ्तार किया गया था।