डबल मर्डर : मासूम भाइयों की निर्मम हत्या… दो सौतेले भाई और माँ गिरफ्तार… इसने रची थी साजिश

पटना। इस वक्त की बड़ी खबर पटना से सटे दानापुर से आ रही है। जहां के नेउरा थाना क्षेत्र के मखदुमपुर से तीन दिन पहले अपहृत सहोदर भाईयों अनीश कुमार और शिवम कुमार की निर्मम हत्या कर दी गई है। अपहरण कर हत्या करने का आरोप दोनों मासूमों के सौतेले भाई सौरभ और गुलशन पर लगा है। पुलिस ने इस मामले में दोनों अपहर्ताओं के साथ साजिश रचने वाली सौतेली मां को भी गिरफ्तार कर लिया है।

बताया जाता है की अपहरणकर्ताओंं ने अपहरण के बाद ही दोनों की हत्या कर दी थी और एक शव को बोरी में डालकर पुनपुन नदी के पास सोन केनाल में फेंक दिया जबकि दूसरे को जानीपुर थाना क्षेत्र के धराई चक में रोड किनारे फेंक दिया था। पुलिस ने दोनों शवों को बरामद करने के बाद दानापुर अनुमंडल अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। दोनों शवों की बरामदगी अपहरणकर्ताओं की गिरफ्तारी के बाद हुई।

पुलिस के मुताविक विनोद सिंह द्वारा दो विवाह करने के बाद दोनों पत्नी के बीच संपत्ति को लेकर विवाद हुआ है। पुलिस ने हत्या में शामिल विनोद कुमार की पहली पत्नी सुनीता देवी और उसके दो पुत्रों सौरभ कुमार, गुलशन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है।

हत्या की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतकों के पिता विनोद ने बताया कि हमारी पहली पत्नी और उसके पुत्रों के साथ मिलकर गांव के हरेन्द्र सिंह ने दोनों मासूम बेटों की हत्या कर दी। परिजन नीतीश ने कहा कि पुलिस की लापरवाही की वजह से दोनों मासूमों की निर्मम हत्या हुई है। पुलिस आरोपियों को फांसी की सजा दिलवाए।