स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय महिला क्रिकेट टीम को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. टीम इंडिया की नई T20 इंटरनेशनल सीरीज का ऐलान कर दिया गया है, जिसमें भारतीय महिला टीम इस साल साउथ अफ्रीका का दौरा करेगी. इस दौरे पर दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की रोमांचक T20I सीरीज खेली जाएगी. क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) ने इस बहुप्रतीक्षित सीरीज के पूरे शेड्यूल की आधिकारिक घोषणा कर दी है.
CSA के अनुसार, वर्ल्ड कप फाइनलिस्ट साउथ अफ्रीका महिला टीम और भारतीय महिला टीम के बीच यह सीरीज 17 अप्रैल से शुरू होकर 27 अप्रैल तक चलेगी. मुकाबले साउथ अफ्रीका के प्रमुख क्रिकेट केंद्रों डरबन, जोहान्सबर्ग और बेनोनी में आयोजित किए जाएंगे. सीरीज का आगाज डरबन के ऐतिहासिक किंग्समीड स्टेडियम में होगा, जहां 17 और 19 अप्रैल को पहले दो T20I मुकाबले खेले जाएंगे. इसके बाद 22 और 25 अप्रैल को तीसरा और चौथा मैच जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में होगा, जबकि 27 अप्रैल को बेनोनी के विलोमूर पार्क में पांचवें और आखिरी T20I के साथ सीरीज का समापन होगा.
क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने इस सीरीज को बेहद अहम बताया है। CSA के नेशनल टीम्स और हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर एनोक न्कवे ने कहा कि भारत जैसी मजबूत और अनुभवी टीम के खिलाफ खेलना वर्ल्ड कप से पहले साउथ अफ्रीकी टीम के लिए खुद को परखने का बेहतरीन मौका होगा. वहीं CSA के चीफ एग्जीक्यूटिव फोलेत्सी मोसेकी ने भारत का स्वागत करते हुए इसे वर्ल्ड-क्लास T20 सीरीज बताया और कहा कि घरेलू मैदान पर ऐसी बड़ी टीमों की मेजबानी महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में मदद करेगी.
खास बात यह है कि यह T20I सीरीज ICC महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले साउथ अफ्रीका महिला टीम का आखिरी आधिकारिक असाइनमेंट होगी. वर्ल्ड कप 12 जून से इंग्लैंड में खेला जाएगा, जिसमें साउथ अफ्रीका को ग्रुप-1 में ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, भारत और क्वालिफायर से आने वाली दो टीमों के साथ रखा गया है. ऐसे में यह सीरीज न सिर्फ साउथ अफ्रीका बल्कि भारतीय महिला टीम के लिए भी बड़े टूर्नामेंट से पहले अपनी तैयारियों को मजबूत करने का सुनहरा मौका साबित होगी.
