रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर आज एक ऐतिहासिक पल की गवाह बनने जा रही है, जहां देश में पहली बार आयोजित हो रहे ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ का भव्य शुभारंभ होगा। इस खास मौके पर केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे, जबकि उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
इस ऐतिहासिक आयोजन में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल होंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत शाम 6 बजे साइंस कॉलेज परिसर में होगी। केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया नई दिल्ली से शाम 5:30 बजे रायपुर पहुंचेंगे और उद्घाटन समारोह में शामिल होने के बाद रात 10 बजे वापस नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। यह आयोजन न सिर्फ खेल प्रतिभाओं को मंच देगा, बल्कि आदिवासी संस्कृति और खेल परंपराओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में भी बड़ा कदम माना जा रहा है।
