शुभमन गिल नहीं हैं सबसे कम उम्र में दोहरा शतक लगाने वाले बैटर, महिला खिलाड़ी से रह गए पीछे



स्पोर्ट्स डेस्क. शुभमन गिल की इस समय खूब चर्चा हो रही है। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में उन्होंने 208 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। 23 साल के युवा क्रिकेटर गिल इसी के साथ सबसे कम उम्र में यह कारनामा करने वाले खिलाड़ी बने, लेकिन गिल का रिकॉर्ड मेंस कैटेगरी का है। अगर मेंस और वुमेंस दोनों कैटेगरी की बात करें, तो गिल न्यूजीलैंड की अमेलिया केर से पीछे रह गए। मालूम हो कि टीम इंडिया ने पहला वनडे 12 रन से जीता। इसी के साथ उसने 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। दूसरा मुकाबला 21 जनवरी को रायपुर में खेला जाना है। रोहित शर्मा की अगुआई में टीम यह मैच जीतकर सीरीज पर कब्जा करना चाहेगी।

मेंस और वुमेंस कैटेगरी में सबसे कम उम्र में दोहरा शतक लगाने वाले खिलाड़ी की बात करें, तो अमेलिया केर ने 17 साल 243 दिन की उम्र में यह कारनामा किया था। वहीं गिल ने 23 साल 132 दिन की उम्र में ऐसा किया। न्यूजीलैंड की केर ने 2018 में आयरलैंड के खिलाफ नाबाद 232 रन बनाए थे। उन्होंने 145 गेंद का सामना किया था। 31 चौके और 2 छक्के जड़े थे। लेग स्पिनर केर ने मैच में 5 विकेट भी झटके 27।

ईशान हैं तीसरे नंबर पर

सबसे कम उम्र में दोहरा शतक लगाने वाले बैटर की बात करें तो ईशान किशन ने 24 साल 145 दिन की उम्र में ऐसा किया था। भारत की बात करें, तो अब तक 5 खिलाड़ी दोहरा शतक ठोक चुके हैं। इसमें गिल और ईशान के अलावा सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग और रोहित शर्मा शामिल हैं। रोहित ने तो 3 बार ऐसा किया है। इसके अलावा वेस्टइंडीज के क्रिस गेल, पाकिस्तान के फखर जमां और न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल भी वनडे में 200 रन की पारी खेल चुके हैं।

टीम इंडिया की नजर सिर्फ सीरीज जीतने पर नहीं होगी, बल्कि वनडे रैंकिंग में टॉप पर पहुंचने की भी होगी। इसके लिए टीम इंडिया को सीरीज में क्लीन स्वीप करना होगा। हालांकि यह आसान नहीं रहने वाला। पहले वनडे में माइकल ब्रेसवेल ने 140 रन की आक्रामक पारी खेलकर मैच को रोमांचक बना दिया था।