
अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..बाबा विश्वनाथ की नगरी बनारस के अस्सी घाट से गंगाजल उठाकर शुरू हुई विधायक रामकुमार टोप्पो संग कांवरियों की कांवर महायात्रा चुरकीपानी स्थित शिवालय में जलाभिषेक के साथ संपन्न हुई। 100 कांवरियों की टीम के साथ विधायक ने 12 दिन पहले बनारस से इस कांवर यात्रा की शुरुआत की थी। जो 425 किमी की लंबी यात्रा करने के बाद चुरकीपानी में जलाभिषेक एवं पूजा अर्चना के साथ संपन्न हुई।
बता दें कि, विधायक बनने से पूर्व भूतपूर्व सैनिक रामकुमार टोप्पो ने सपने में चुरकीपानी कई महिमा से प्रेरित होकर सन 2022 में इस कांवर महायात्रा 360 की शुरुआत की थी।इस यात्रा के दौरान बनारस के अस्सी घाट से जल उठाकर कांवरियों का दल मुख्य मार्ग से होते हुए चोरकीपनी पहुँचती थी। जहाँ कांवरियों का दल भूतपूर्व सैनिक रामकुमार टोप्पो के नेतृत्व में जलाभिषेक कर हवन पूजन के बाद इस महायात्रा की पूर्णाहुति करते थे। इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भूतपूर्व सैनिक रामकुमार टोप्पो जब विधायक बने तब भी जारी रखा।
इस महायात्रा के चौथे साल भी विधायक रामकुमार टोप्पो कांवरियों की टोली के साथ बनारस पहुँचे। जहाँ पूजा अर्चना के बाद अस्सी घाट से कांवर में गंगाजल भरकर इस महायात्रा का शुभारंभ किया गया। बनारस से पैदल चलकर यह महायात्रा मुख्य मार्ग से होते हुए गंतव्य स्थान की ओर रवाना हुई।इस दौरान कांवर महायात्रा का जगह जगह श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ स्वागत एवं आवभगत किया। इस लंबी दूरी की यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा कांवरियों के भोजन एवं ठहरने की पूरी व्यवस्था की गई थी।

24 जुलाई को बनारस से शुरू हुई यह महायात्रा उत्तरप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के कई शहरों से होते 3 अगस्त को सीतापुर पहुँची। जहाँ भाजपा पदाधिकारी नगरवासीयों ने कांवरियों का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया। सीतापुर में कुछ देर विश्राम करने के बाद पैदल यह महायात्रा खड़गांव पहुँची। जहाँ भजन संध्या के साथ कांवरियों के ठहरने एवं भोजन की व्यवस्था की गई थी। रात्रि विश्राम के बाद 4 अगस्त को विधायक रामकुमार टोप्पो के नेतृत्व में सौ कांवरियों का दल हर हर महादेव के जयघोष के साथ चुरकीपानी पहुँचा। जहाँ पहाड़ों में विराजे स्वंय प्रकट शिवलिंग का विधायक ने सपत्नी एवं कांवरियों के साथ गंगाजल से जलाभिषेक किया। जलाभिषेक के बाद भोलेनाथ की पूजा अर्चना एवं हवन पूजन के साथ 425 किमी लंबी इस महायात्रा का पूर्णाहुति किया गया।
इस यात्रा के निर्विघ्न रूप से संपादित होने पर उत्साहित विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि भोलेनाथ की महिमा से यह महायात्रा पूर्ण हुई। इस महायात्रा के दौरान हमारे प्रति शिवभक्तों का आस्था और समर्पण का भाव देखते ही बनता था। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य क्षेत्र की खुशहाली सुख शांति एवं समृद्धि है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए ही मैंने कांवरियों संग चौथे साल भी पूरे उत्साह एवं भक्तिभाव से इस महायात्रा को पूर्ण किया। इस दौरान चोरकीपनी में उत्सव जैसा माहौल था। कांवर महायात्रा 360 के समापन पर साक्षी बनने पूरे विधानसभा क्षेत्र से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी।