अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..चैत्र मास की शुक्ल प्रतिपदा तिथि से शुरू होने वाला हिंदू नववर्ष एवं रामनवमी का पर्व नगर समेत क्षेत्र में बड़े धूमधाम एवं भक्तिभाव से मनाया गया।इस दौरान नौ दिनों तक चलने वाली नवदुर्गा की आराधना को लेकर नगर की आराध्य देवी माँ महामाया मंदिर गायत्री मंदिर समेत राम जानकी मंदिर औघड़ मंदिर एवं माँ मंगरेलगढ़ धाम समेत दुर्गा मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया था।पूरे नौ दिनों तक महामाया मंदिर,गायत्री मंदिर,राम जानकी मंदिर औघड़ मंदिर दुर्गा मंदिर समेत माँ मंगरेलगढ़ धाम में अखंड ज्योति जलाकर भक्तों द्वारा भक्तिभाव से माता की पूजा अर्चना की जा रही थी।पूरे नौ दिन तक चलने वाली शक्ति की उपासना के दौरान भक्त शक्ति की भक्ति में लीन हो गए थे।इस अवसर पर नगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित देवी मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही थी।
हिंदू नववर्ष एवं रामनवमी के उपलक्ष्य में पूरे नगर एवं चौक चौराहों को भगवा ध्वज से सजाया गया था।जिसकी वजह से पूरे नगर का माहौल भगवामय हो गया था।हिंदू नववर्ष के साथ शुरू होने वाले रामनवमी के नवमी तिथि को भक्तों ने नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली।सर्व हिंदू समाज द्वारा आयोजित शोभायात्रा राम जानकी मंदिर में पूजा अर्चना के बाद लालबहादुर शास्त्री स्टेडियम से राम सीता की झांकी के साथ निकाली गई।गाजे बाजे एवं आतिशबाजी के साथ निकली विशाल शोभायात्रा का नगर में श्रद्धालुओं द्वारा जगह जगह भव्य स्वागत किया गया।जय श्री राम के नारों के साथ निकली राम सीता की शोभायात्रा से नगर का माहौल भक्तिमय हो उठा था।देर रात तक भक्ति गीतों पर झूमते नाचते हजारों की संख्या में भक्तों की भीड़ नगर भ्रम करते हुए महामाया मंदिर पहुँची।जहाँ माँ महामाया एवं राम सीता की पूजा अर्चना एवं महाआरती के बाद शोभायात्रा का समापन किया गया।
इस दौरान आयोजन समिति द्वारा छठ घाट पर महाप्रसाद का आयोजन किया गया था।जिसमे शोभायात्रा में शामिल भक्तगण एवं नगरवासी शामिल हुए और महाप्रसाद ग्रहण किया।इस शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से थाना प्रभारी अखिलेश सिंह के नेतृत्व में चप्पे चप्पे पर पुलिस बल तैनात थी।
