धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी स्थित मां विंध्यवासिनी मंदिर इन दिनों चैत्र नवरात्रि के अवसर पर आस्था का वैश्विक केंद्र बन गया है। यहां न सिर्फ स्थानीय श्रद्धालु, बल्कि अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और दुबई में रहने वाले भक्तों के नाम से भी मनोकामना ज्योत प्रज्वलित की जा रही है। यह दृश्य मां के प्रति अटूट विश्वास और भक्ति की उस भावना को दर्शाता है, जिसने सीमाओं को भी पार कर लिया है।
नवरात्रि के नौ दिनों में मंदिर परिसर भक्ति के रंग में सराबोर है। सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए उमड़ रही है। खासतौर पर मनोकामना ज्योत जलाने की परंपरा यहां विशेष महत्व रखती है, जिसमें भक्त अपनी इच्छाओं की पूर्ति के लिए अखंड दीप प्रज्वलित कराते हैं। इस वर्ष करीब 1500 से अधिक ज्योतें जल रही हैं, जो श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का प्रमाण हैं।
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष आनंद पवार के अनुसार, हर साल विदेशों में बसे लोगों के परिजन यहां ज्योत जलवाते हैं। उनका मानना है कि मां विंध्यवासिनी की कृपा से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहती है। यही कारण है कि दूर-दराज के देशों में रहकर भी लोग अपनी आस्था इस मंदिर से जोड़े हुए हैं।
इस बार एक श्रद्धालु ने देश के प्रमुख नेताओं द्रौपदी मुर्मू, नरेंद्र मोदी, अमित शाह, योगी आदित्यनाथ और विष्णुदेव साय के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए विशेष ज्योत भी प्रज्वलित कराई है, जो मंदिर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
विप्र विदवत परिषद धमतरी के सदस्य पंडित राजकुमार तिवारी के अनुसार, नवरात्रि में जलाई जाने वाली अखंड ज्योति माता दुर्गा की कृपा प्राप्त करने का प्रमुख माध्यम मानी जाती है। यह ज्योति नकारात्मक ऊर्जा को दूर कर घर-परिवार में सुख, शांति और समृद्धि का संचार करती है। मान्यता है कि नौ दिनों तक निरंतर जलने वाली इस ज्योत के समक्ष की गई साधना से मां शीघ्र प्रसन्न होकर भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं।
