
Ambikapur Central Jail: अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ शासन ने एक नई पहल के तहत प्रदेश की सभी जेलों में निरुद्ध कैदियों के लिए प्रिज़नर्स महाकुंभ की व्यवस्था की। इसी क्रम में अम्बिकापुर सेंट्रल जेल के कैदियों ने जेल परिसर में बने विशेष कुंड में शाही स्नान किया। इस अनोखे आयोजन के लिए प्रयागराज कुंभ से विशेष रूप से गंगाजल मंगवाया गया था, जिसे मंत्रोच्चार के बीच कुंड में डाला गया। इसके बाद सभी कैदियों ने डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

गृहमंत्री और उपमुख्यमंत्री की पहल से शुरू हुई नई परंपरा
यह पहल गृहमंत्री और उपमुख्यमंत्री की विशेष योजना के तहत शुरू की गई। मंगलवार की सुबह अम्बिकापुर सेंट्रल जेल में इसका आयोजन बड़े ही धार्मिक और विधि-विधान के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना से हुई, जिसमें सभी कैदियों ने भाग लिया।
गंगाजल से भरा गया कुंड, कैदियों ने की पूजा-अर्चना
जेल परिसर में बनाए गए कुंड में प्रयागराज से मंगवाया गया पवित्र गंगाजल डाला गया। धार्मिक मंत्रोच्चार के बीच कैदियों ने डुबकी लगाई। इस दौरान जेल परिसर में एक भक्तिपूर्ण वातावरण बना रहा, जहां हर ओर सिर्फ आस्था और अध्यात्म की गूंज सुनाई दी।
अन्य जेलों में भी हुआ आयोजन
इस अवसर पर अम्बिकापुर सेंट्रल जेल के अधीक्षक योगेश सिंह ने बताया कि गृहमंत्री और उपमुख्यमंत्री की पहल पर सेंट्रल जेल के अलावा अम्बिकापुर सर्किल की अन्य 5 जेलों में भी यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
प्रत्येक जेल में प्रयागराज कुंभ से मंगाए गए गंगाजल को वितरित किया गया। कैदियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर स्नान किया और पुण्य लाभ प्राप्त किया। अधीक्षक के अनुसार, इस आयोजन में सभी कैदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे उनके मनोबल में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला।
आस्था और सुधार का अनोखा संगम
यह पहली बार है जब जेल प्रशासन ने कैदियों के लिए इस प्रकार का धार्मिक आयोजन कराया है। शासन की यह पहल न केवल उनके सुधार की दिशा में एक प्रयास है, बल्कि यह उनके आध्यात्मिक उत्थान का भी एक माध्यम बन सकती है। छत्तीसगढ़ शासन की यह अभिनव पहल आने वाले समय में अन्य राज्यों के लिए भी एक मिसाल बन सकती है।
इसे भी पढ़ें –
Char Dham Yatra 2025: 30 अप्रैल से शुरू होगी चारधाम यात्रा, कब कराएं रजिस्ट्रेशन? जानें खास बातें
Earthquake: सुबह सुबह भूकंप के तेज झटके से कांपी धरती, 5.1 रही तीव्रता; दहशत में घर से निकले लोग