‘अमेरिका की पुलिस से तेज इंदौर पुलिस’, आधे घंटे में ढूंढ निकाला NRI महिला का ये जरूरी सामान

इंदौर। अमेरिका से अपने रिश्तेदार के यहां शादी में आई एक महिला का पर्स पुलिस ने महज आधे घंटे में ढूंढ निकाला। इस पर वह बोली कि इतनी जल्दी तो अमेरिका की पुलिस भी ट्रेस नहीं कर पाती। पर्स में पासपोर्ट से लेकर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज थे, जो उसे लौटाए गए। घटना विजय नगर थाना क्षेत्र की है।

अमेरिका से अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने स्वाति पाठक इंदौर आई थीं। इस दौरान वह खरीदी करने ऑटो रिक्शा से सी-21 मॉल गई थीं, जहां उनका पर्स रिक्शा में छूट गया। पर्स में पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, नेशनल डेबिट कार्ड और 15 हजार रुपए थे। इस पर वह लोगों की मदद से विजय नगर थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस तुरंत हरकत में आई और सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से रिक्शा का पता किया और आधे घंटे में रिक्शा को ट्रेस कर लिया।

रिक्शा चालक रमेश साहू को भी नहीं पता था कि उसकी रिक्शा में किसी का पर्स छूट गया है। वह घर पर रिक्शा खड़ी पर काम में लग गया था। पुलिस उस तक पहुंची और फिर रिक्शा से पर्स बरामद किया। इसके बाद महिला को थाने बुलाकर पर्स लौटाया। इस पर महिला ने पुलिस को धन्यवाद किया और कहा कि इतनी जल्दी तो अमेरिका की पुलिस भी ट्रेस नहीं कर सकती थी, जितनी जल्दी विजय नगर पुलिस ने रिक्शा को ट्रेस कर लिया।