खंडवा. मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में वैलेंटाइन डे के दिन एक कपल के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया. हाईवे किनारे एक टपरी के पास बैठे युवक-युवती से तीन युवकों ने कथित तौर पर छेड़छाड़ शुरू कर दी, जिसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि चाकूबाजी तक पहुंच गया. इस घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक 19 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई.
घटना शहर से करीब 8 किलोमीटर दूर ग्राम रूधि में कृष्णा ढाबा के सामने की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, मेन हाईवे किनारे स्थित एक ईंट-भट्टे के पास बनी टपरी के पास युवक और युवती बैठे हुए थे. सुनसान जगह देखकर गांव के तीन दोस्त वहां पहुंचे और युवती के साथ छेड़छाड़ करने लगे. जब युवती के साथ मौजूद युवक ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया.
बताया जा रहा है कि इस दौरान एक युवक ने चाकू निकाल लिया और झूमाझटकी के बीच चाकू लगने से तीन में से दो युवक घायल हो गए. घायलों में शामिल भावेश पाल की हालत गंभीर होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. वहीं दूसरा घायल युवक जिला अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज जारी है.
शादीशुदा युवती ने आरोप लगाया है कि तीन युवक मयंक, भावेश और सचिन अचानक उसके पास आए और छेड़छाड़ करने लगे. जब उसका दोस्त हर्ष उसे बचाने आया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की. युवती का कहना है कि हर्ष के सिर पर ईंट मारी गई और हाथ पर चाकू से हमला किया गया.
वहीं दूसरी ओर घायल युवक मयंक ने पुलिस को दिए बयान में दावा किया कि हर्ष ने भावेश के सीने पर चाकू मारा, जिससे उसकी मौत हो गई. मयंक ने बताया कि उसे भी कमर में चाकू लगा है, जिससे वह घायल हो गया.
कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण आर्य के अनुसार घटना शनिवार शाम करीब 6 बजे की है. पुलिस ने रविवार सुबह करीब 4 बजे दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. युवती की शिकायत पर मृतक सहित उसके दो दोस्तों पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है, जबकि शासन की ओर से हर्ष थापा के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है. पुलिस ने इस मामले में देर रात एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है.
घटना की गंभीरता को देखते हुए देर रात एसपी मनोज कुमार राय भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. मृतक का पोस्टमार्टम रविवार को किया जाएगा. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
