काठमांडू। नेपाल में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने देर रात सन्नाटा चीर दिया। राजधानी काठमांडू से करीब 90 किलोमीटर दूर धादिंग जिले के गजुरी क्षेत्र में पोखरा से काठमांडू आ रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर त्रिशूली नदी में जा गिरी। रात करीब 1:30 बजे हुए इस हादसे में अब तक 18 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 26 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक बस पृथ्वी हाईवे पर सफर कर रही थी, तभी अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे त्रिशूली नदी में समा गई। अंधेरी रात और तेज बहाव के बीच राहत और बचाव कार्य काफी चुनौतीपूर्ण रहा। हादसे की सूचना मिलते ही नेपाल आर्मी, आर्म्ड पुलिस फोर्स और नेपाल पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।
नेपाल आर्म्ड पुलिस फोर्स के प्रवक्ता बिश्नु प्रसाद भट्टा के अनुसार घटनास्थल से 17 शव बरामद किए गए, जबकि बस से 28 घायलों को बाहर निकाला गया। घायलों को आसपास के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। बाद में एक और यात्री की मौत की पुष्टि हुई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 18 हो गई।
हादसे में विदेशी नागरिक भी प्रभावित हुए हैं। मृतकों में न्यूजीलैंड का एक पुरुष यात्री शामिल है, जबकि घायलों में जापान और नीदरलैंड की एक-एक महिला नागरिक भी बताई गई हैं।
फिलहाल दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच जारी है। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार (ओवर स्पीडिंग) के कारण बस चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह भीषण हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आधी रात के बाद हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षा और गति नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
