तेहरान/तेल अवीव/बेरूत. पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष ने सोमवार को और खतरनाक रूप ले लिया, जब Tehran में जोरदार विस्फोटों ने राजधानी को हिला दिया. इसी बीच Israel पर मिसाइलों की तेज़ बौछार देखी गई, जबकि Lebanon में एक अहम पुल को ध्वस्त कर दिया गया. हालात तेजी से बिगड़ते जा रहे हैं और जंग के थमने के फिलहाल कोई संकेत नहीं हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक तेहरान के पूर्वी हिस्से में अब तक का सबसे बड़ा हमला दर्ज किया गया है. धमाकों की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि पूरे इलाके में दहशत फैल गई और एयर डिफेंस सिस्टम को तुरंत सक्रिय करना पड़ा. अधिकारियों का दावा है कि यह हमला अमेरिका और इजराइल के संयुक्त अभियान का हिस्सा हो सकता है.
इससे पहले Israel Defense Forces ने संकेत दिए थे कि ईरान पर बड़े हमले की तैयारी की जा रही है. वहीं ईरान के खुर्रमाबाद क्षेत्र में हवाई हमलों के बाद भारी तबाही की खबरें हैं. मिसाइल और रॉकेट हमलों के चलते कई इलाकों में ब्लैकआउट हो गया और कई इमारतें मलबे में तब्दील हो गईं.
संघर्ष का असर लेबनान तक भी पहुंचा है, जहां दक्षिणी हिस्से में स्थित कासमीयेह पुल को निशाना बनाकर उड़ा दिया गया. इस हमले से इलाके में यातायात और राहत कार्य बुरी तरह प्रभावित हुए हैं. लेबनान के राष्ट्रपति Joseph Aoun ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है.
इजराइल का दावा है कि इस पुल का इस्तेमाल Hezbollah द्वारा किया जा रहा था, जिसे निष्क्रिय करना जरूरी था. वहीं इजराइल का यह भी कहना है कि ईरान की ओर से क्लस्टर मिसाइलों से हुए हमलों के जवाब में यह कार्रवाई की गई है.
तेजी से बढ़ते इस संघर्ष ने वैश्विक चिंता को और गहरा दिया है. तेल और गैस की आपूर्ति पर असर पड़ने की आशंका के बीच दुनिया के कई हिस्सों में आर्थिक और सुरक्षा संकट के संकेत साफ नजर आने लगे हैं.
