कौन हैं मोहन चरण माझी? जिन्हें भाजपा ने बनाया ओडिशा का मुख्यमंत्री

ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी के नाम का ऐलान हो चुका है। ओडिशा में पहली बार सत्ता हासिल करने वाली भाजपा ने मोहन चरण माझी के रूप में राज्य के नए मुख्यमंत्री का ऐलान कर दिया है। मंगलवार को भाजपा के विधायक दल की बैठक के बाद माझी के नाम पर मुहर लगाई गई। आपको बता दें कि भाजपा आलाकमान ने दो केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और भूपेंद्र यादव को ओडिशा के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। आइए जानते हैं ओडिशा के नए सीएम के बारे में कुछ खास बातें।

मोहन चरण माझी ओडिशा की क्योंझर विधानसभा सीट से विधायक हैं। वह आदिवासी समुदाय से आते हैं। माझी इससे पहले ओडिशा विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल के मुख्य सचेतक भी रह चुके हैं। मोहन चरण माझी 52 साल के हैं और चार बार के विधायक हैं। इस बार विधानसभा चुनाव में उन्होंने बीजेडी की मीना माझी को हराया था।