नई दिल्ली। पूरे उत्तर भारत में हाड़ गलाने वाली ठंड ने जनजीवन को पूरी तरह जकड़ लिया है। दिल्ली-एनसीआर में बीते कई दिनों से चल रही सर्द हवाओं के बीच शुक्रवार सुबह हल्की बूंदाबांदी ने ठिठुरन और बढ़ा दी। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेने को मजबूर हैं। मौसम विभाग ने राजधानी के लिए घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। न्यूनतम तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान लगभग 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। गुरुवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
उत्तर प्रदेश में भी सर्दी का असर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। तेज हवाओं के चलते सुबह-शाम कड़ाके की ठंड लोगों की परेशानी बढ़ा रही है, हालांकि दिन में निकलने वाली धूप कुछ राहत जरूर दे रही है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ रह सकता है, लेकिन ठंड से निजात मिलने के आसार नहीं हैं। विभाग ने संकेत दिए हैं कि अगले सप्ताह से प्रदेश के कई हिस्सों में एक बार फिर शीतलहर का असर देखने को मिल सकता है।
पहाड़ी राज्यों में हालात और भी कठिन बने हुए हैं। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में आने वाले चार से पांच दिनों तक घने से बेहद घने कोहरे के साथ शीतलहर की स्थिति बनी रहने की संभावना है। ठंड के कारण लोग दिन के समय भी घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। कश्मीर में सर्दी अपने चरम पर है, जहां कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच चुका है और लगातार बर्फबारी देखने को मिल रही है। प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
एक ओर उत्तर भारत ठंड की मार झेल रहा है, तो दूसरी ओर दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का खतरा मंडरा रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब के चलते तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में 9 और 10 जनवरी को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कई जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने के कारण मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है। मौसम का यह बदला हुआ मिजाज आने वाले दिनों में लोगों की मुश्किलें और बढ़ा सकता है।
इसे भी पढ़ें –
झारखंड शराब घोटाले में बड़ी गिरफ्तारी, केडिया डिस्टलरी का संचालक नवीन केडिया पकड़ा गया
अम्बिकापुर: धान उठाव में बड़ा खेल उजागर, 2600 क्विंटल की कमी पर राइस मिल सील
