नई दिल्ली. टेलीकॉम सेक्टर में सरकारी कंपनी BSNL लगातार ग्राहकों के लिए एक के बाद एक किफायती और दमदार प्लान पेश कर रही है. इस बार BSNL ने ऐसे यूजर्स को राहत दी है जो बार-बार रिचार्ज कराने की झंझट से परेशान रहते हैं. कंपनी ने 365 दिन की लंबी वैलिडिटी वाले सस्ते प्लान लॉन्च कर दिए हैं, जिससे सालभर तक सिम एक्टिव रखने की टेंशन लगभग खत्म हो सकती है.
इस साल बजट में भी सरकार ने BSNL पर भरोसा दिखाते हुए कंपनी को 28,473 करोड़ रुपये का फंड दिया है. इसका असर साफ नजर आ रहा है, क्योंकि पिछले कुछ महीनों में BSNL के नेटवर्क से लाखों नए यूजर्स जुड़ चुके हैं. निजी कंपनियों की तुलना में BSNL अब लंबी वैलिडिटी वाले प्लान के जरिए ग्राहकों को बड़ी राहत देने की कोशिश कर रहा है.
BSNL का सबसे चर्चित प्लान इस समय 2799 रुपये वाला प्रीपेड रिचार्ज है, जिसमें ग्राहकों को पूरे भारत में अनलिमिटेड कॉलिंग के साथ फ्री नेशनल रोमिंग की सुविधा मिलती है. इस प्लान की खास बात यह है कि इसमें रोजाना 3GB डेटा और 100 मुफ्त SMS प्रतिदिन दिए जाते हैं. यह प्लान पूरे 365 दिनों की वैलिडिटी के साथ आता है, यानी एक बार रिचार्ज कराकर सालभर तक बेफिक्र रहा जा सकता है.
इतना ही नहीं, BSNL अपने यूजर्स को BiTV का फ्री वर्जन भी देता है, जिसमें 350 से ज्यादा लाइव टीवी चैनल्स का एक्सेस मुफ्त में उपलब्ध कराया जा रहा है. यह प्लान उन यूजर्स के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है, जो डेटा और कॉलिंग दोनों का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं.
इसके अलावा BSNL ने 2626 रुपये का भी एक नया प्लान पेश किया है, जिसे Bharat Connect 26 नाम दिया गया है. इस प्लान में भी यूजर्स को पूरे भारत में अनलिमिटेड कॉलिंग, फ्री नेशनल रोमिंग और 365 दिनों की वैलिडिटी मिलती है. इस रिचार्ज में रोजाना 2.6GB डेटा और 100 फ्री SMS की सुविधा दी जाती है. कम कीमत में लंबी वैलिडिटी चाहने वालों के लिए यह प्लान भी अच्छा विकल्प बनकर सामने आया है.
BSNL की बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कंपनी का ARPU (Average Revenue Per User) भी बढ़ा है. केंद्रीय टेलीकॉम मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने हाल ही में बताया कि सरकार BSNL को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. नेटवर्क विस्तार, नेटवर्क कॉस्ट और अन्य जरूरी प्रोजेक्ट्स के लिए बजट आवंटित किया गया है. इसके चलते BSNL का ARPU 90 रुपये से बढ़कर 99 रुपये तक पहुंच गया है, जिसमें करीब 9% की बढ़त दर्ज की गई है.
कुल मिलाकर देखा जाए तो BSNL के ये 365 दिन वाले प्लान उन यूजर्स के लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं हैं, जो हर महीने रिचार्ज कराने से बचना चाहते हैं और एक बार में पूरे साल का प्लान लेना पसंद करते हैं. BSNL की यह रणनीति निजी कंपनियों के लिए भी चुनौती बन सकती है, क्योंकि कम कीमत में लंबी वैलिडिटी वाले प्लान अब लोगों को तेजी से आकर्षित कर रहे हैं.
