Independence Day: इतिहास के पन्नो पर दर्ज होने जा रहा छत्तीसगढ़ का शिमला मैनपाट का नाम, 4 करोड़ की लागत से होने जा रहा ये काम

अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..देश की आजादी का 78वी वर्षगाँठ मैनपाट के नर्मदापुर में बड़े धूमधाम से देशभक्ति भरे माहौल में मनाया गया। इस दौरान हाईस्कूल मैदान नर्मदापुर में विधायक रामकुमार टोप्पो ने ध्वजारोहण करते हुए क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।

Random Image

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि तिरंगा झंडा देश की आन बान एवं स्वाभिमान का प्रतीक है। इसकी गरिमा बनाये रखना हम सभी देशवासियों की नैतिक जिम्मेदारी है। आज हम जिस आजादी के साथ खुली हवा में सास ले रहे है। वो आजादी हमे इतनी आसानी से नही मिली है। इसके लिए लाखों लोगों ने अपना बलिदान दिया, तब जाकर हमे आजादी मिली। उन्होंने कहा कि आज देश हमारा आजादी का अमृतकाल महोत्सव मन रहा है। हमारा देश आजादी के 78 सालों में काफी तेजी से विकास के पायदान तय कर रहा है। अमृतकाल मे देश गुलामी की सारे यादों को मिटाकर आजादी की एक नई गाथा लिख रहा है। भारत आज आंतरिक रूप से मजबूत होने के साथ आर्थिक एवं सामरिक दृष्टि से कई देशों को पीछे छोड़ चुका है। पूरे विश्व मे भारत विकासशील एवं शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित हो चुका है। छत्तीसगढ़ में सरकार बदलते ही अब डबल इंजन की सरकार के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ भी तेजी से विकास के रास्ते पर चल पड़ा है।

विधायक ने कहा कि छत्तीसगढ़ का शिमला मैनपाट का नाम भी इतिहास के पन्नों पर दर्ज होने जा रहा है। नर्मदापुर में चार करोड़ की लागत से खूबसूरत तिरंगा पार्क का निर्माण किया जायेगा। जहाँ भारत का दूसरा सबसे ऊंचा तिरंगा झंडा स्थापित किया जायेगा। नर्मदापुर में स्वतंत्रता दिवस मनाने का यही उद्देश्य था कि इस पावन अवसर पर तिरंगा पार्क की नींव रखी जा सके।

इस दौरान स्कूली बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के बाद खेलकूद समेत सांस्कृतिक एवं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को विधायक ने सम्मानित किया। इसके साथ ही अपने विभागों में बेहतर काम करने वाले शासकीय कर्मचारियों को वही विधायक ने प्रशस्ति पत्र देकर उनका हौसला बढ़ाया।

अंत में कार्यक्रम एसडीएम रवि राही ने सभी का आभार जताते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री भाजपा किसान मोर्चा अनिल अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष सीतापुर श्रवण दास, रवि प्रधान, रूपेश गुप्ता, मनोज गुप्ता, संजय गुप्ता, निर्मल गुप्ता, सुनील गुप्ता, संगीता कंसारी, सूर्यप्रकाश मिस्त्री, मंडल अध्यक्ष भाजयुमो इलू गुप्ता, मंडल अध्यक्ष मैनपाट रजनीश पांडेय, अनिल सिंह, जमुना यादव, कुंजबिहारी गुप्ता, श्रीराम यादव, अनीस यादव, एसडीओपी राजेंद्र मंडावी, बीइओ सीतापुर मिथिलेश सिंह सेंगर, मैनपाट योगेश शाही, एबीईओ सीतापुर महेश सोनी, मैनपाट सतीश तिवारी समेत काफी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, अधिकारी, कर्मचारी समेत छात्र-छात्राएं एवं दर्शकगण मौजूद थे।