अकोला। महाराष्ट्र कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष हिदायतुल्लाह पटेल की बुधवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। एक दिन पहले अकोला जिले के अकोट तालुका स्थित मोहाला गांव की जामा मस्जिद में उन पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया था। हमले में गंभीर रूप से घायल पटेल को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां तमाम कोशिशों के बावजूद उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक हिदायतुल्लाह पटेल मंगलवार को दोपहर की नमाज अदा करने मस्जिद पहुंचे थे। करीब डेढ़ बजे नमाज के बाद जैसे ही वे मस्जिद से बाहर निकल रहे थे, तभी पहले से घात लगाए हमलावर ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। गर्दन और सीने पर गहरे वार किए गए, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन हालत लगातार नाजुक बनी रही।
घटना से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं, जिनमें हिदायतुल्लाह पटेल खून से लथपथ कपड़ों में दिखाई दे रहे हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस अधीक्षक बी. चंद्रकांत रेड्डी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छह टीमें गठित की गई थीं। मुख्य आरोपी उबेद खान कालू खान उर्फ रजिक खान पटेल (22 वर्ष) को मंगलवार रात करीब आठ बजे अकोट तालुका के पनाज गांव से गिरफ्तार कर लिया गया। घटना के बाद मोहाला गांव और अकोट शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जिला पुलिस अधीक्षक अर्चित चंडक स्वयं हालात पर नजर बनाए हुए हैं। अकोट ग्रामीण पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष की हत्या से राजनीतिक हलकों में शोक और आक्रोश का माहौल है। पार्टी नेताओं और समर्थकों ने इस घटना को कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इसे भी पढ़ें –
