मथुरा. देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन वृंदावन में प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज से भेंट कर आध्यात्मिक आशीर्वाद प्राप्त किया. शुक्रवार सुबह वह कड़े सुरक्षा घेरे के बीच श्री हित राधा केली कुंज आश्रम पहुंचीं, जहां संत के दर्शन कर उनसे विस्तृत चर्चा की.
इस मुलाकात के दौरान प्रेमानंद महाराज ने राष्ट्रपति को ब्रजभूमि की महिमा और सेवा भाव के महत्व से अवगत कराया. आध्यात्मिक वातावरण में हुई इस बातचीत ने न केवल स्थानीय श्रद्धालुओं, बल्कि देशभर में आस्था रखने वाले लोगों का ध्यान आकर्षित किया. आश्रम में राष्ट्रपति का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया, जिसके बाद दोनों के बीच अध्यात्म, निस्वार्थ सेवा और जनकल्याण जैसे विषयों पर गहन संवाद हुआ.
राष्ट्रपति अपने दौरे के दौरान अन्य धार्मिक और सामाजिक स्थलों का भी भ्रमण करेंगी. वह नीम करौली बाबा के स्मारक स्थल जाएंगी, वहीं शाम को रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम में नए ऑन्कोलॉजी ब्लॉक का उद्घाटन करेंगी. इसके अलावा वह वात्सल्य ग्राम का भी दौरा करेंगी. उनका यह आध्यात्मिक प्रवास 21 मार्च को दंगहाटी मंदिर में पूजा-अर्चना और पारंपरिक गोवर्धन परिक्रमा के साथ संपन्न होगा.
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर पूरे मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं. जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने सुरक्षा कारणों से जिले को अस्थायी रूप से ‘नो-फ्लाई जोन’ घोषित किया है. 19 मार्च सुबह 10 बजे से 21 मार्च शाम 5 बजे तक प्रभावी इस आदेश के तहत ड्रोन, पतंग और किसी भी प्रकार के उड़ने वाले उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है. राष्ट्रपति की इस यात्रा ने धार्मिक नगरी वृंदावन में आस्था और सुरक्षा दोनों का विशेष संगम देखने को मिला है.
