रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इन दिनों दो दिवसीय दिल्ली दौरे पर हैं और राजधानी में उनकी सियासी सक्रियता तेज हो गई है. मंगलवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर राज्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की. इस कड़ी में आज उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अहम बैठक प्रस्तावित है, जिसे राज्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
बताया जा रहा है कि इस मुलाकात में “बस्तर विकास 2.0” को लेकर विस्तृत चर्चा हो सकती है. मुख्यमंत्री साय नक्सल प्रभाव में कमी के बाद बस्तर की बदलती स्थिति, सुरक्षा हालात और विकास योजनाओं की प्रगति से भी गृह मंत्री को अवगत कराएंगे. इसके अलावा वे अन्य केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात कर छत्तीसगढ़ के विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर बात करेंगे. तय कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री गुरुवार सुबह दिल्ली से रायपुर लौटेंगे.
