नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। खाड़ी क्षेत्र में अनिश्चित हालात के बावजूद 16 हजार मीट्रिक टन LPG लेकर ‘जग वसंत’ टैंकर सुरक्षित रूप से वाडीनार पोर्ट पहुंच गया है, जिससे देश की घरेलू गैस आपूर्ति को बड़ा सहारा मिला है।
गुजरात स्थित वाडीनार पोर्ट पर जहाज के पहुंचने को मौजूदा हालात में अहम उपलब्धि माना जा रहा है। फिलहाल टैंकर पोर्ट से करीब 10 नॉटिकल मील दूर एंकरिंग पर है और सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच इसके ऑपरेशन को तेज कर दिया गया है। बड़े टैंकर ‘जग वसंत’ से LPG को छोटे टग ‘रोज़’ के जरिए उतारने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, ताकि सप्लाई चेन में कोई बाधा न आए।
खाड़ी क्षेत्र, खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य में जारी तनाव के कारण जहाजों की आवाजाही जोखिम भरी बनी हुई है। ऐसे में इस टैंकर का सुरक्षित पहुंचना ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से बड़ी राहत माना जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में भी इस तरह के जहाजों की आवाजाही जारी रह सकती है, जिससे देश में गैस सप्लाई स्थिर बनी रहेगी।
वहीं क्षेत्रीय हालात अब भी तनावपूर्ण हैं। ईरान और इज़राइल के बीच संघर्ष जारी है, जो अब कई देशों को प्रभावित कर रहा है। इसी बीच ईरान ने ‘मित्र देशों’ की एक सूची जारी कर सीमित रूप से समुद्री आवागमन की अनुमति दी है, जिसमें भारत को प्राथमिकता दी गई है। इसके चलते भारतीय जहाजों के लिए होर्मुज मार्ग से गुजरना संभव हो पाया है।
विशेषज्ञों के अनुसार, मौजूदा वैश्विक संकट के बीच इस तरह की आपूर्ति भारत के ऊर्जा तंत्र को संतुलित रखने में अहम भूमिका निभाएगी और आम उपभोक्ताओं तक गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने में मददगार साबित होगी।
