अब ‘श्री विजयपुरम’ के नाम से जाना जाएगा अंडमान निकोबार की राजधानी पोर्ट ब्लेयर, केंद्र सरकार ने बदला नाम, 234 सालो का हुआ ये काम

नई दिल्ली। मोदी सरकार ने केंद्र शासित प्रदेश अंडमान निकोबार की राजधानी पोर्ट ब्लेयर का नाम 234 सालों बाद बदलकर अब ‘श्री विजयपुरम’ कर दिया है। इसकी जानकारी देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि ‘श्री विजयपुरम’ नाम हमारे स्वाधीनता के संघर्ष और इसमें अंडमान और निकोबार के योगदान को दर्शाता है।

Random Image

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए पोस्ट में कहा कि देश को गुलामी के सभी प्रतीकों से मुक्ति दिलाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प से प्रेरित होकर गृह मंत्रालय ने पोर्ट ब्लेयर का नाम ‘श्री विजयपुरम’ करने का फैसला लिया है। इस भारतीय द्वीप का हमारे देश की स्वाधीनता और इतिहास में अद्वितीय स्थान रहा है।

अमित शाह ने बताया संघर्ष का प्रतीक

गृह मंत्री ने कहा कि चोल साम्राज्य में नौसेना अड्डे की भूमिका अदा करने वाला यह द्वीप आज देश की सुरक्षा और विकास को गति देने के लिए तैयार है। यह द्वीप नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी द्वारा सबसे पहले तिरंगा फहराने से लेकर सेलुलर जेल में वीर सावरकर व अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के द्वारा मां भारती की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष का स्थान भी है।

1789 में ले.अर्कीबाल्ड ब्लेयर आए थे भारतीय द्वीप

इस भारतीय द्वीप पर अंग्रेजों के कब्जे में लेने के बाद 1788 एडी में अंडमान सागर का सर्वे करने के लिए ईस्ट इंडिया कंपनी ने ले.अर्कीबाल्ड ब्लेयर को भेजा था। वह वर्ष 1789 में इस द्वीप पर पहुंचे और लाव-लश्कर के साथ यहीं रहने लगे। तब उन्होंने इस द्वीप का नाम तत्कालीन गवर्नर जनरल लार्ड कार्नवालिस के नाम पर रखा था, लेकिन बाद में इस बंदरगाह द्वीप का नाम ब्लेयर के नाम पर ही ‘पोर्ट ब्लेयर’ पड़ गया।