जालिम पति! 7 महीने की गर्भवती को आग में झोंका, खुद भी झुलसा; पुलिस ने बताया हादसा

नई दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बवाना इलाके में एक लड़के ने अलाव में पेंट थिनर उड़ेल दिया। इसके बाद आग की लपटों की चपेट में आने से एक गर्भवती महिला के साथ ही उसका पति झुलस गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। दिल्ली महिला आयोग (DCW) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने आरोप लगाया कि महिला के ससुराल वालों और पति ने उसे आग के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार रात हुई है। जब सात महीने की गर्भवती खुशबू नामक महिला अपने पति वीर प्रताप और एक लड़के के साथ ठंड से बचने के लिए अलाव के निकट बैठी थी।

समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए पीड़िता खुशबू ने कहा कि हमने अप्रैल 2022 में शादी की और मैं अभी गर्भवती हूं। मेरे पति ने मुझे पेंट थिनर से जला दिया। जब मैंने शादी समारोह के दौरान उनके परिवार द्वारा उपहार में दिए गए गहने वापस करने से इनकार कर दिया था, इसलिए ये किया गया है। वहीं, इस मामले पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि खुशबू का बयान दर्ज कर लिया गया है, जिसमें उसने कहा कि यह एक दुर्घटना थी। आग में खुशबू का चेहरा और कुछ अन्य अंग झुलस गए, जबकि उसके पति के पैर के साथ ही बायां हाथ झुलस गया। दोनों का सफदरजंग अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

पीड़िता के भाई संदीप ने आरोप लगाया है कि बहन की ससुराल वाले उसे परेशान कर रहे थे और उन्होंने ही उसे आग के हवाले कर दिया है। खुशबू की पिछले साल अगस्त में वीर प्रताप से शादी हुई थी। चूंकि शादी को सात साल से भी कम समय हुआ है और उसके भाई ने भी उसके ससुराल वालों द्वारा प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है, इसलिए इस मामले को नरेला के उपसंभागीय मजिस्ट्रेट (SDM) के संज्ञान में लाया गया और मजिस्ट्रेट के सामने उसका बयान दर्ज किया गया है।

पुलिस ने कहा कि मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज पीड़िता के बयान की आधिकारिक प्रति अभी प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट मिलने के बाद उसके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, मालीवाल ने इस घटना के बारे में ट्वीट किया, बवाना में 7 महीने की गर्भवती महिला को उसके पति और ससुराल वालों ने पेट्रोल डालकर जलाया। लड़की बुरी तरह से झुलस गई और उसका अब अस्पताल में इलाज चल रहा है। हमने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। पीड़िता की हर संभव सहायता भी कर रहे हैं। दिल्ली में अपराध बढ़ते जा रहे हैं।