विधानसभा में ऐसी मारपीट, 7 BJP विधायक पहुंचे अस्पताल, देखें Video

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की विधानसभा में BJP और TMC नेताओं के बीच हुई मारपीट के बाद भारतीय जनता पार्टी के 7 विधायक कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती हो गए हैं। अस्पताल में भर्ती BJP विधायकों ने तृणमूल कांग्रेस के विधायकों पर मारपीट करने, धक्का देने और मुक्के मारने का आरोप लगाया है।

इस घटना के बाद विधानसभा से शुभेंदु अधिकारी समेत BJP के 5 विधायकों को अनिश्चितकाल के लिए निलंबित किया जा चुका है। सस्पेंड होने वाले विधायकों में शुभेंदु अधिकारी के अलावा शंकर घोष, मनोज तिग्गा, नराहरी महतो और दीपक बरमन शामिल है।

ये 7 भाजपा विधायक अस्पताल में हुए भर्ती

1. मनोज तिग्गा
2. शिखा चटर्जी
3. चंदना बाउरी
4. नराहरि महतो
5. नादियार चंद बाउरी
6. डॉ. अजय पोद्दार
7. लक्षण बाउरी

भाजपा नेता अमित मालवीय ने घटना का वीडियो भी जारी किया है।

बंगाल विधानसभा में क्यों हुआ विवाद?

बता दें कि सोमवार को बंगाल विधानसभा में बजट सत्र का आखिरी दिन था। भाजपा विधायकों का आरोप है कि वे सदन में बीरभूम हिंसा पर चर्चा करना चाहते थे और TMC विधायकों ने उनके साथ धक्कामुक्की और मारपीट शुरू कर दी। हंगामे के बाद आज ही BJP और TMC विधायकों के बीच मारपीट हुई है. बीजेपी विधायक मनोज तिग्गा और TMC विधायक असित मजूमदार के बीच मारपीट होने का मामला सामने आया है। झगड़े में असित मजूमदार भी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

BJP ने विधानसभा के बाहर किया प्रदर्शन

मारपीट की इस घटना के बाद बीजेपी विधायकों ने विधानसभा के बाहर जमकर प्रदर्शन किया, जिसमें विपक्ष के नेता शुभेंदु आधिकारी भी शामिल हुए। भाजपा विधायक मनोज तिग्गा ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि TMC विधायकों ने उन्हें धक्का दिया और मुक्के मारे। उन्होंने अपनी शर्ट के फटने की बात भी कही। इस घटना के बाद भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा के सीनियर नेता बीएल संतोष ने कहा कि बंगाल की राजनीति का स्तर अब नई गिरावट की ओर पहुंच गया है। ममता बनर्जी के सीएम बनने के बाद से स्तर गिरता जा रहा है।