छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, 40 लोग घायल, वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रहे थे वापस

फिरोजाबाद. जिले में शनिवार की तड़के श्रद्धालुओं से भरी बस हादसे का शिकार हो गई। हादसे में 40 यात्री घायल हुए हैं। उन्हें पुलिस और यूपीडा ने सैफई और फिरोजाबाद के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। आशंका है कि चालक को झपकी आने की वजह से यह हादसा हुआ। कई लोगों की हालत गंभीर है। सभी श्रद्धालु छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं। वे जम्मू कटरा स्थित माता वैष्णो देवी के दर्शन के बाद लौट रहे थे।

हादसा फिरोजाबाद जिले के नसीरपुर थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर माइलस्टोन संख्या 51 के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक हादसे की शिकार इस बस में लगभग 65 तीर्थ यात्री सवार थे, जो वैष्णो देवी माता के दर्शन कर छत्तीसगढ़ जा रहे थे। तड़के 3.30 बजे चालक को झपकी आने से बस अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गयी।

जानकारी मिलने के बाद थाना नसीरपुर पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। हादसे में 40 यात्री घायल हुए है जिनमे से गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज सैफई और सामान्य घायलों को शिकोहाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में घायल करीब 20 से 25 यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रभारी निरीक्षक नसीरपुर शेर सिंह ने बताया कि हादसा संभवतः चालक को नींद आने से हुआ है। हादसे के शिकार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी लोग छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं। घटनास्थल से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवा दिया गया है।

इन्हें भी पढ़िए –सावधान! मोबाइल और इंटरनेट बन रहा है दिमाग का दुश्मन, बढ़ रहे हैं ब्रेन ट्यूमर के मामले

शपथ ग्रहण समारोह में कैसी रहेगी व्यवस्था और किसे मिलेगी कौन सी जिम्मेदारी? BJP कार्यालय में चल रही बैठक

Gold-Silver Price: सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त गिरावट, जानिए- 10 ग्राम का रेट

लोकसभा जाने वाले 93 प्रतिशत माननीय करोड़पति, जानें किस पार्टी के सांसद सबसे ज्यादा अमीर