ट्रेन में मामूली विवाद के बाद शख्स ने यात्री को पेट्रोल डालकर जलाया, 8 लोग घायल

Man sets co-passenger on fire: केरल के कोझिकोड में एक यात्री को जिंदा जला देने का खौफनाक मामला सामने आया हैं। रविवार रात कोझिकोड जिले के इलाथुर के पास एक एक्सप्रेस ट्रेन में कथित तौर पर कहासुनी के बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने दूसरे शख्स को पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस घटना में आठ लोग घायल हो गए। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, घटना अलप्पुझा कन्नूर मेन एक्जीक्यूटिव एक्सप्रेस ट्रेन के डी1 कंपार्टमेंट में रात करीब 10 बजे हुई।

यात्रियों द्वारा आपातकालीन चेन खींचने के बाद आरोपी फरार हो गया। इसकी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि झगड़े के बाद इस शख्स ने दूसरे व्यक्ति पर पेट्रोल डाला और उसे आग लगा दी। अन्य यात्रियों ने आग बुझाने की कोशिश की जिसमें वे झुलस गए। घायलों में तीन महिलाएं शामिल हैं।

सूत्रों ने कहा कि, थलासेरी के अनिल कुमार, उनकी पत्नी सजीशा, उनके बेटे अद्वैत, कन्नूर के रूबी और त्रिशूर के राजकुमार झुलसे यात्रियों में शामिल हैं। ट्रेन को एलाथुर में रोक दिया गया था और रेलवे अधिकारियों को आग लगने की घटना के बारे में सूचित कर दिया गया था। रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों ने कहा कि झुलसे सभी आठ यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं, और जरूरी निरीक्षण के बाद ट्रेन को रवाना कर दिया गया। आगे की जांच जारी हैं।