अमित शाह के कार्यक्रम में भगदड़, गर्मी से 11 लोगो की मौत

मुंबई. मुंबई में एक विशाल समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा सुधारक अप्पासाहेब धर्माधिकारी को ‘महाराष्ट्र भूषण 2022’ पुरस्कार से सम्मानित किए जाने के बाद एक त्रासदी में कम से कम 11 लोगों की लू लगने से मौत हो गई और 120 लोगों को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। राज्य सरकार की तरफ से खारघर के सेंट्रल पार्क में आयोजित महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार के दौरान भीषण गर्मी की वजह से 11 लोगों की मौत हो गई है, जबकि करीब 120 लोग बीमार हो गए हैं, जिन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

लोगों की मौत का कारण गर्मी बताया जा रहा है। लेकिन घटनास्थल पर बदइंतजामी को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। क्योंकिं लाखों लोग कई घंटे तक तेज धूप के नीचे खड़े थे। कई लोगों ने डिहाइड्रेशन और बेहोशी की शिकायत की। बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर महाराष्ट्र के दूरदराज इलाकों से लोग पहुंचे थे। इसके अलावा मध्य प्रदेश, कर्नाटक और गुजरात से भी लोग आए थे।

नवी मुंबई के ग्राउंड पर बड़ी संख्या में लोग उमड़े थे। कार्यक्रम के दौरान हजारों लोग खड़े थे। बैठने की व्यवस्था थी लेकिन फिर भी भीड़ के आगे जगह कम पड़ रही थी। कार्यक्रम देखने के लिए ऑडियो और वीडियो प्लेयर भी लगाए गए थे। आयोजकों से भीड़ को धूप से बचाने के पर्याप्त इंतजाम नहीं हो सका। सीधे धूप की जद में आकर 120 से ज्यादा लोग बीमार पड़े, वहीं 11 लोगों की जान चली गई।

महाराष्ट्र में कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे ने मीडिया में तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह एक सरकारी समारोह था और इसलिए इसमें शामिल होने वालों की सुरक्षा उसका कर्तव्य है। उन्होंने मांग की, इतने सारे लोगों की जान चली गई है। सरकार पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाना चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। लोंढे ने गर्मी के चरम पर खुले मैदान में इस तरह के बड़े आयोजन को सरकार की ओर से ‘लापरवाही’ करार दिया।