Railway Interesting Facts: भारतीय रेलवे आज दुनिया के सबसे बड़े रेल नेटवर्क में गिना जाता है. बदलते समय के साथ रेलवे ने ट्रेनों को जिस तेजी से आधुनिक बनाया है, उसने दुनियाभर के देशों को भी हैरान कर दिया है. वंदे भारत, तेजस और वंदे भारत स्लीपर जैसी हाईटेक ट्रेनों ने यात्रियों के सफर को पहले से ज्यादा आरामदायक और तेज बना दिया है.
लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत में एक ऐसी भी ट्रेन है, जिसमें ना खिड़की होती है और ना ही दरवाजा? यह ट्रेन देखने में तो सामान्य पैसेंजर कोच जैसी लगती है, लेकिन इसका इस्तेमाल यात्रियों के लिए नहीं, बल्कि बेशकीमती सामान की ढुलाई के लिए किया जाता है.
दरअसल, भारतीय रेलवे द्वारा NMG (New Modified Goods) ट्रेनें चलाई जाती हैं. यह एक विशेष प्रकार की मालगाड़ी होती है, जो एक राज्य से दूसरे राज्य तक कार, ट्रैक्टर, मिनी ट्रक जैसे कीमती वाहनों को ले जाने का काम करती है. खास बात यह है कि यह ट्रेन बाहर से पैसेंजर ट्रेन जैसी दिखती है, लेकिन इसमें खिड़की और दरवाजों की जगह पूरी तरह बंद और पैक रहती है. रिपोर्ट्स के अनुसार, इस ट्रेन की रफ्तार करीब 75 किमी प्रति घंटे तक बताई जाती है.
NMG ट्रेनें आम मालगाड़ियों की तरह नहीं बनतीं, बल्कि इन्हें पुराने पैसेंजर कोच से तैयार किया जाता है. रेलवे के ICF कोचों की उम्र आमतौर पर 20 से 25 साल मानी जाती है. कई बार कुछ कोच इससे पहले ही खराब हो जाते हैं, जिसके बाद उन्हें सेवा से हटा दिया जाता है. फिर इन्हें Periodic Overhauling के लिए भेजा जाता है, जहां इन्हें मॉडिफाई करके ऑटो कैरियर में बदला जाता है और इसी के बाद इन्हें NMG ट्रेन का नाम दिया जाता है.
इन ट्रेनों का डिजाइन इस तरह तैयार किया जाता है कि इसमें वाहनों की लोडिंग और अनलोडिंग बेहद आसान हो सके. यही वजह है कि यह ट्रेन कार और अन्य भारी वाहनों की ढुलाई में काफी उपयोगी साबित होती है.
अब सवाल उठता है कि आखिर इस ट्रेन में खिड़की और दरवाजे बंद क्यों कर दिए जाते हैं? दरअसल, NMG ट्रेनें लंबी दूरी तय करती हैं और इसमें रखे वाहन बेहद महंगे होते हैं. सफर के दौरान किसी तरह की चोरी या छेड़छाड़ से बचाने के लिए इसके खिड़की-दरवाजों को पूरी तरह से सील कर दिया जाता है, ताकि अंदर रखे बेशकीमती सामान तक किसी की पहुंच न हो सके.
यही वजह है कि NMG ट्रेन को भारत की सबसे अनोखी ट्रेन माना जाता है, जिसमें यात्रियों की बजाय कीमती वाहनों का सफर होता है.
(डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है. फटाफट न्यूज डॉट कॉम किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है.)
