Weather Update: देशभर में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है और इस बार इसका असर लगभग हर हिस्से में अलग-अलग रूप में दिखेगा. उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम विभाग ने बड़ा अलर्ट जारी किया है. 2 अप्रैल को जहां कई राज्यों में बारिश और तेज आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है, वहीं कुछ इलाकों में गर्मी अपने तेवर और तीखे करने वाली है.
राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके अलावा पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम अचानक बदल सकता है, जहां आंधी और बारिश लोगों को गर्मी से राहत तो देगी, लेकिन अस्थायी रूप से. मौसम विभाग का मानना है कि यह बदलाव तेजी से असर दिखाएगा और फिर आगे तापमान में गिरावट भी दर्ज की जा सकती है.
पूर्वोत्तर भारत भी इस बदलाव से अछूता नहीं रहेगा. असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला देखने को मिल सकता है. वहीं दक्षिण भारत में आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि केरल और ओडिशा में उमस और गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है.
तापमान की बात करें तो उत्तर-पश्चिम भारत में शुरुआती दिनों में गर्मी का असर बढ़ेगा और पारा 2 से 4 डिग्री तक चढ़ सकता है. हालांकि यह बढ़त ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है. 3 और 4 अप्रैल को बारिश की गतिविधियां तेज होने के साथ तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आने का अनुमान है.
मध्य भारत में भी मौसम राहत देने की तैयारी में है, जहां अगले कुछ दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक कम हो सकता है. महाराष्ट्र और गुजरात में भी सप्ताह के अंत तक तापमान में धीरे-धीरे गिरावट देखने को मिलेगी.
इसके उलट पूर्वी भारत में गर्मी का प्रकोप और बढ़ने वाला है. 4 अप्रैल तक यहां दिन के तापमान में 4 से 6 डिग्री तक की तेज बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लोगों को लू जैसे हालात का सामना करना पड़ सकता है. कुल मिलाकर अप्रैल की शुरुआत देश के लिए ‘मिक्स वेदर’ लेकर आई है. कहीं बादलों की गर्जना, कहीं तेज हवाएं और कहीं झुलसाती धूप.
