
रांची। झारखंड में गुरुवार को एक अभियान के दौरान बिजली गिरने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक अधिकारी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकारियों ने इस घटना की पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना पश्चिमी सिंहभूम जिले के केरीबरू गांव में रात करीब 10.30 बजे हुई। अधिकारियों ने बताया कि 26वीं बटालियन के सेकेंड-इन-कमांड अधिकारी एम पी सिंह की बिजली गिरने से मौत हो गई, जबकि सहायक कमांडेंट एस के मंडल घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के अधिकारी एक अभियान के तहत जंगलों में गए थे।
बिहार में बिजली गिरने से 9 लोगों की हो गई थी मौत
बता दें कि इससे पहले बिहार के कई जिलों में बिजली गिरने के कारण 9 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना पर सीएम नीतीश कुमार ने गहरा दुख जताया। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा दिए जाने का निर्देश दिया था। आसमानी बिजली गिरने से जहानाबाद में 3, मधेपुरा में 2, पूर्वी चंपारण में 1, रोहतास में 1, सारण में 1 एवं सुपौल जिले में 1 व्यक्ति की मौत हो गई। इसके पहले भी बिहार में कई लोगों की आसमानी बिजली गिरने से जान जा चुकी है। भारी बारिश के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोगों से आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी सलाह का पालन करने की अपील की।
मॉनसून में बढ़ जाती हैं बिजली गिरने की घटनाएं
वहीं इससे भी एक सप्ताह पहले बिहार के ही कई जिलों में बिजली गिरने 7 लोगों की जान चली गई थी। सीएम नीतीश कुमार ने इस घटना पर गहरा दुख जताया था। तब भी सीएम नीतीश कुमार ने मृतक के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा दिए जाने का ऐलान किया था। बता दें कि जैसे-जैसे मॉनसून का सीजन नजदीक आता जाएगा। वैसे-वैसे देश के अलग-अलग राज्यों में बिजली गिरने और उसकी चपेट में आने की वजह से मरने वालों की संख्या भी में भी बढ़ोत्तरी देखने को मिलेगी।