BJP की महतारी हुंकार रैली में शामिल होंगी केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, बघेल सरकार के खिलाफ माहौल बनाने की तैयारी

छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कमर कस चुकी है। इसके लिए भाजपा नेता अब घर से सड़क पर निकलने की तैयारी में हैं। 11 नवंबर को बिलासपुर जिले में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा महतारी हुंकार रैली का आयोजन किया जा रहा है। इसमें शामिल होने के लिए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के साथ भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनाती श्रीनिवासन बिलासपुर आएंगी। भाजपा की ये दोनों नेत्री प्रदेश की महिलाओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट कर भूपेश बघेल सरकार के खिलाफ हल्ला बोलेंगी।

गौरलतब है कि, बिलासपुर में आयोजित किए जा रहे महिला हुंकार रैली के बहाने शक्ति प्रदर्शन में बीजेपी ने एक लाख महिलाओं की भीड़ जुटाने का दावा किया है। लेकिन भाजपा के इस रैली और प्रदर्शन कार्यक्रम में प्रशासन की अनुमति ने अडंगा डाल दिया है। कलेक्टर सौरभ कुमार ने कहा है कि भाजपा को रैली और प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है। बता दें कि, छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी साल 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भूपेश सरकार के खिलाफ माहौल बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। इसे महतारी हुंकार रैली का नाम दिया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव समेत भाजपा नेता मैदानी स्तर पर जाकर रैली में महिलाओं को लाने के लिए संगठन पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को टारगेट दे रहे है।

भाजपा का प्रदेश संगठन इस रैली को भव्य रूप देने के लिए राष्ट्रीय स्तर के नेताओं को बिलासपुर बुला रहे है। रैली में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के साथ भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनाती श्रीनिवासन आएंगी। ऐसे में रैली और प्रदर्शन में एक लाख से अधिक महिलाओं की भीड़ जुटाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, अब भी यह सवाल बना हुआ है कि जब प्रशासन ने रैली और प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है तो यह कार्यक्रम कैसे होगा? भाजपा की रैली से पहले 14 अक्टूबर को जिला प्रशासन ने एक आदेश जारी कर शहर के भीतर रैली निकालने पर प्रतिबंध लगा दिया है। प्रशासन के आदेश के मुताबिक शहर के भीतर किसी भी तरह से धार्मिक, सामाजिक और राजनैतिक रैली को अनुमति नहीं देने का जिक्र किया गया है।

इसके साथ ही प्रशासन ने हाईकोर्ट, जिला न्यायालय, कलेक्टोरेट, एसपी ऑफिस, जिला अस्पताल, सिम्स जैसी जगहों पर धारा 144 लागू कर दिया है। ऐसे में यहां रैली और धरना प्रदर्शन प्रतिबंधित है। कलेक्टर सौरभ कुमार ने कहा कि भाजपा नेताओं को किसी भी तरह की रैली और प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी गई है। उन्होंने अपने आयोजन की सूचना दी है। लेकिन, नियम विरुद्ध तरीके से रैली और प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जा सकती।