नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय हालात और पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच आम लोगों को बड़ी राहत देते हुए भारत सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क में भारी कटौती का ऐलान किया है। सरकार के इस फैसले के तहत दोनों ईंधनों पर 10 रुपये प्रति लीटर तक की कमी की गई है, जिससे आने वाले दिनों में कीमतों में गिरावट की उम्मीद जताई जा रही है।
जारी अधिसूचना के मुताबिक अब पेट्रोल पर विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क 13 रुपये प्रति लीटर से घटाकर महज 3 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। वहीं डीजल पर यह शुल्क 10 रुपये प्रति लीटर से पूरी तरह खत्म कर शून्य कर दिया गया है। नई दरें शुक्रवार से प्रभावी हो चुकी हैं।
वित्त मंत्रालय के अनुसार इस फैसले का सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ेगा और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राहत मिल सकती है, खासकर ऐसे समय में जब वैश्विक बाजार में अस्थिरता बनी हुई है।
सरकार ने इसके साथ ही विमानन क्षेत्र के लिए भी नया टैक्स ढांचा लागू किया है। विमानन टरबाइन ईंधन (एटीएफ) पर अब 50 रुपये प्रति लीटर का विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क लगाया गया है, हालांकि आंशिक छूट के प्रावधान के चलते प्रभावी शुल्क करीब 29.5 रुपये प्रति लीटर रहेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि ईंधन पर टैक्स में यह कटौती महंगाई को नियंत्रित करने के साथ-साथ परिवहन और दैनिक उपभोग की लागत को कम करने में मददगार साबित हो सकती है।
