
नई दिल्ली। देश के बड़े हिस्से में सर्दी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। उत्तर भारत से लेकर मध्य और पूर्वी भारत तक ठिठुरन बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग ने बुधवार को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, बिहार और उत्तर प्रदेश सहित 15 से ज्यादा राज्यों में कोल्ड डे की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पूर्वोत्तर के राज्यों में भी अगले 24 घंटे तक कड़ाके की ठंड बने रहने के आसार जताए गए हैं। पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण ठंड और ज्यादा बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और ओडिशा में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाने की संभावना है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी कोहरे की चादर देखने को मिल सकती है।
देश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में सर्दी का असर सबसे ज्यादा नजर आ रहा है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच चुका है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब और मध्य महाराष्ट्र में न्यूनतम तापमान कई स्थानों पर 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। वहीं हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तरी राजस्थान, ओडिशा, असम, मेघालय, तमिलनाडु, पुडुचेरी, बिहार, सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में भी कई जगह तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है।
मौसम विभाग का कहना है कि हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश और तमिलनाडु-पुडुचेरी के कुछ इलाकों में बीते 24 घंटों के दौरान तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरा है। मैदानी क्षेत्रों में पंजाब के गुरदासपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले दो दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत, महाराष्ट्र और मध्य भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की और गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो बुधवार सुबह हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहा, हालांकि दिन चढ़ने के साथ आसमान ज्यादातर साफ रहने की उम्मीद है और धूप भी निकलेगी। राजधानी में अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री के बीच रह सकता है। दिन के समय करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने के आसार हैं, जिससे सर्दी का एहसास और बढ़ेगा।
इसे भी पढ़ें –
नवा बिहान अभियान: बीएड छात्रों को नशामुक्ति, यातायात नियम और व्यक्तित्व विकास की दी गई जानकारी
Ambikapur News: गौ तस्करी के खिलाफ एक्शन, 13 मवेशी और पिकअप वाहन जप्त




