मुंबई/नासिक. नासिक जिले के डिंडोरी इलाके से एक ऐसी दर्दनाक खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया. शुक्रवार रात एक अनियंत्रित कार पानी से भरे कुएं में जा गिरी, जिसमें सवार एक ही परिवार के नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार, दरगोड़े परिवार शिवाजी नगर स्थित एक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद लौट रहा था. रात करीब 10 बजे उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर रास्ते किनारे बने गहरे कुएं में जा गिरी. हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और नगर पंचायत की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची, लेकिन कुआं पानी से लबालब भरा होने और रात का समय होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भारी दिक्कतें आईं। अंधेरे और गहराई के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन धीमा रहा.
शनिवार सुबह उजाला होते ही क्रेन और डिजास्टर मैनेजमेंट टीम की मदद से कार को कुएं से बाहर निकाला गया. इसके साथ ही एक-एक कर सभी शवों को भी बाहर निकाला गया. इस हादसे में सुनील दत्तात्रेय दरगोड़े (35), रेशमा सुनील दरगोड़े (33) सहित परिवार के अन्य सदस्य राखी, आशा, माधुरी, श्रावणी, सृष्टि (16), श्रेयश (11) और समृद्धि (7) की मौत हो गई.
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. एक ही परिवार के नौ लोगों की असमय मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
