नई दिल्ली. देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. दिन के समय धूप और गर्मी का एहसास बढ़ने लगा है, जबकि रात होते ही ठंड अब भी लोगों को परेशान कर रही है. इसी बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में दो नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं, जिसके चलते कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक अगले तीन दिनों में पूर्वी भारत के न्यूनतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है. मौसम विभाग का संकेत है कि पूर्वी भारत में धीरे-धीरे गर्मी अपनी दस्तक दे रही है.
इसे भी पढ़ें –
मौसम विभाग ने 11 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश की संभावना जताई है. वहीं 14 और 15 फरवरी को इन इलाकों में कई स्थानों पर बारिश के साथ बर्फबारी की भी उम्मीद है. इस दौरान कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है.
इसके अलावा 16 फरवरी को हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में भी हल्की बारिश हो सकती है, जिससे उत्तर भारत में मौसम का असर और बढ़ सकता है.
हालांकि कई राज्यों में तापमान बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं, लेकिन पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड और पूर्वोत्तर भारत में अभी भी न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है. वहीं पश्चिम और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है.
इसे भी पढ़ें –
Chhattisgarh: शिवरीनारायण मेले में बड़ा हादसा, आकाश झुला टूटकर गिरा, दो युवती गंभीर रूप से घायल
मैदानी इलाकों में सबसे कम तापमान पाली (पश्चिम राजस्थान) में 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं मेघालय में सुबह के समय घने कोहरे की संभावना जताई गई है, जबकि अन्य राज्यों में हल्का कोहरा छाने की उम्मीद है.
राजधानी दिल्ली की बात करें तो दिल्ली-एनसीआर में आज आसमान ज्यादातर साफ रहेगा, हालांकि सुबह के समय धुंध बनी रह सकती है. मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. दिन में 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. दिल्ली और एनसीआर में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है और गुरुवार को भी मौसम साफ बने रहने की उम्मीद है.
