जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। नवागढ़ ब्लॉक में प्रैक्टिकल परीक्षा देने जा रहे युवक की मोटरसाइकिल अचानक सड़क पर आ गई गाय से टकरा गई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के दौरान गाय का सींग युवक की आंख में घुस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक केरा गांव निवासी मनीष कुमार देवांगन (21 वर्ष) बुधवार सुबह करीब 9 बजे मोटरसाइकिल से नवागढ़ स्थित राधाकृष्ण कॉलेज में प्रैक्टिकल परीक्षा देने जा रहा था। इसी दौरान केरा और बर्रा मोड़ मिस्दा के पास अचानक सड़क पर गाय आ गई। युवक संभल पाता, इससे पहले ही उसकी बाइक गाय से जा भिड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के समय गाय का सींग युवक की आंख में जा धंसा, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा और आंख से लगातार खून बहने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद करते हुए उसे नवागढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बिलासपुर रेफर कर दिया।
इसके बाद परिजन युवक को बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि युवक की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। वहीं हादसे के बाद क्षेत्र में चिंता और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर आवारा मवेशियों की बढ़ती समस्या को लेकर प्रशासन से ठोस व्यवस्था करने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
